उरई। बड़े पैमाने पर नकली नोट खपाने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपितों का सीमा पार कनेक्शन बताते हुए जानकारी दी है कि इनसे विस्तृत पूंछतांछ के लिए आईबी और एटीएस के अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है। आरोपितों के कब्जे से ढाई लाख रुपये के जाली नोट जब्त किये गये हैं।
आरोपितों में अरुण कुमार तिवारी निवासी छानी थाना जालौन, बद्रीप्रसाद पटेल निवासी मोहल्ला सुभाष नगर कोंच और मोहम्मद आसिफ निवासी मोहल्ला दबगरान कस्बा जालौन शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी के मुताबिक इन तीनों को जालौन कोतवाली पुलिस और स्वाॅट टीम ने औरैया से जालौन आ रही एक बस में से मुखबिर की सूचना के आधार पर पकड़ा। पूंछतांछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे लोग जाली करेंसी सीमा पार से आने वाले एजेंटों से पश्चिम बंगाल के मालदा शहर में जाकर कमीशन पर हासिल करते थे। जिले में जाालौन का बैंकों में दलाली करने वाला उनका एक और साथी है जो नकली नोटों की खेप में से आधे अपने संपर्कों के द्वारा बैंकों में पहुंचा देते थे। शेष रुपये वे लोग उधार लेकर ब्याज के रूप में सीधे पब्लिक के लोगों में चला देते थे। आरोपितों की टीम में शामिल बैंक दलाल की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि आरोपित किसी शत्रु देश की एजेंसी से मिले हो सकते हैं जो देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए उनका इस्तेमाल करती हो। इसके मददेनजर उन्होंने प्रमुख खुफिया एजेंसियों को इनके पकड़े जाने की सूचना दे दी है। उनकी टीम आरोपितों से पूंछतांछ के लिए जिले आयेगीं। उन्होंने धरपकड़ में शामिल पुलिस टीमों को पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार घोषित किया।






Leave a comment