27orai03उरई। पुलिस ने लूट और डकैती के अलग-अलग मामलों में चार शातिर अपराधियों को दबोचने का दावा किया। इन गिरफ्तारियों में पीली कोठी के आगे सुहाग महल के पास बैंक से रुपये निकालकर जा रहे कैंसर पीड़ित से 5 जुलाई को हुई पांच लाख रुपये की लूट की वारदात में संलिप्त तीन बदमाश भी शामिल हैं। पकड़े गये आरोपित एक ही गैंग के रूप में काम करते थे। इनसे असलहे और बिना नंबंर की एक मोटर साइकिल के साथ लूट की दो लाख तीन हजार की रकम बरामद करने का दावा भी पुलिस ने किया।
सुहाग महल के पास हुई वारदात के पीड़ित हुकुम सिंह के मामले में कुलदीप सिंह उर्फ अजय निवासी ग्राम अंगुरी थाना भोगिनीपुर कानपुर देहात ललौना निवासी अंगुरी थाना भोगिनीपुर कानपुर देहात और बृजेश कुमार उर्फ पिंटू निवासी ग्राम ओएना थाना राजपुर कानपुर देहात शामिल हैं। इनमें से कुलदीप सिंह के पास से 315 बोर का एक तमंचा व 70 हजार की नगदी, ललौना से 12 बोर के तमंचे के साथ-साथ 85 हजार रुपये की नगदी और बृजेश से 68 हजार रुपये की नगदी बरामद की गई। दूसरा मामला तेल टैंकर की लूट का था। यह घटना जनवरी में भोगिनीपुर के पास हुई थी। लेकिन बदमाशों ने इसके ड्राइवर और कंडक्टर को एट थाना क्षेत्र में छोड़ा था। इसलिए उच्चाधिकारियों ने इस मामले की छानबीन जालौन पुलिस को स्थानांतरित कर दी थी।
दूसरी वारदात में भी तीन आरोपित गिरफ्तार किये गये हैं जिनमें कुलदीप सिंह और ललौना काॅमन हैं जबकि इस वारदात में रामदास उर्फ सुशील कुमार भी शामिल था जो कि ग्राम अंगुरी का ही रहने वाला है। रामदास के कब्जे से बिना नंबर की हीरो होंडा पैशन मोटर साइकिल पकड़ी गई है जो चोरी की होने का संदेह है। कुलदीप सिंह के खिलाफ हमीरपुर, भिंड और जालौन जिले के विभिन्न थानों में पांच, ललौना के खिलाफ जनपद जालौन और जनपद औरैया के तीन व रामदास उर्फ सुशील कुमार पर कानपुर देहात व जालौन जिले में चार संगीन धाराओं के मुकदमे पहले से कायम हैं।

Leave a comment