उरई। शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने नवरात्र के दौरान विद्यालयों का सुबह 8 बजे से अपरान्ह 1 बजे तक का निर्धारित समय यथावत रखने की मांग को लेकर बीएसए से भेंट की।
विद्यालयों के 1 अक्टूबर से समय परिवर्तन के कार्यक्रम को देखते हुए शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने बीएसए को लिखित रूप से नवरात्र के कारण इसमें व्यवहारिक समस्याओं की ओर आकर्षित कराया। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि इस पर्व में प्रत्येक हिंदू परिवार में हर रोज विशेष पाठ पूजा होती है। जिसमें पूरा परिवार उपवास रखकर मां दुर्गा की उपासना करता है। साथ ही उमस और गर्मी के भीषण वातावरण की ओर भी उन्होंने बीएसए का ध्यानाकर्षित कराया और कहा कि इन जायज कारणों को देखते हुए नवरात्र के दौरान भी 1 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक विद्यालयों के संचालन का समय यथावत रखा जाये। उन्होंने बीएसए को बताया कि मेरठ व ललितपुर जिलों में इसके आदेश पहले ही हो चुके हैं।
प्रतिनिधि मंडल में जिला संरक्षक प्रताप नारायण पाठक प्रभारी अरविंद नगायच, महामंत्री अरुण पांचाल, संघर्ष समिति के अध्यक्ष इलियास मंसूरी, कोषाध्यक्ष अशोक तिवारी, जिलाध्यक्ष राजेंद्र राजपूत शामिल थे।






Leave a comment