उरई। साहब मैने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। शराब के नशे में धुत होकर देर रात कोतवाली पहुंचे एक व्यक्ति का यह बयान सुनकर पुलिस भी सन्न रह गई। मृतका की बहन ने बाद में पुलिस को बताया कि नशे का लती होने की वजह से उसका बहनोई रोज उसकी बहन को बेदर्दी से पीटता था। एक बार पहले भी वह उसकी बहन को चाकू घोंप चुका था।
मोहल्ला लहरियापुरवा का अरुण पाल मंगलवार को देर रात कोतवाली पहुंचा। वह शराब के नशे में धुत था। जिससे पहले तो पुलिस वाले उस पर बिगड़ने लगे लेकिन जब उसने कहा कि वह अपनी पत्नी सीमा की घर में ही गला घोंटकर हत्या कर आया है तो कोतवाली में खलबली मच गई। उसे हिरासत में लेकर सीओ सिटी जंगबहादुर सिंह आनन-फानन उसके घर पहुंचे और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सीमा की बहन सुनीता का पति यहीं पीडब्ल्यूडी में है। उसने बताया कि अरुण पहले सीमा को लेकर हैदराबाद में काम करने लगा था। लेकिन शराब के नशे की वजह से ही वह टिक नही पाया। जनवरी के महीने में वह वापस आ गया। लेकिन फिर भी उसकी आदतें नही सुधरीं। सीमा के साथ वह आये दिन अमानुषिक मारपीट करता था। उसके दस वर्ष के बच्चे आदित्य का भविष्य इस माहौल में खराब होते देख वह उसे अपने पास रखकर पढ़ा रही है। उसने अरुण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की गुहार पुलिस के सामने लगाई।
सीओ सिटी डाॅ. जंगबहादुर सिंह यादव ने कहा कि अरुण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।






Leave a comment