उरई। प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों का अभियान युद्ध स्तर पर शुरू हो चुका है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के सुपुत्र और प्रदेश भाजपा के महासचिव पंकज सिंह ने भी पूरे राज्य में पैठ बढ़ाने के लिए इस बेला में ताबड़तोड़ कार्यक्रम शुरू कर दिये हैं। हालांकि गुरुवार को बुंदेलखंड व कानपुर इलाके के कई जिलों के क्षेत्रीय युवा सम्मेलन को संबोधित करने आये पंकज सिंह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के चेहरे के बारे में पूंछे सवाल पर अपने को छोटा कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी किसे मुख्यमंत्री पद के लिए प्रोजेक्ट करेगी यह फैसला पार्टी के बड़े नेता उचित समय पर लेंगे।
पंकज सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को तीन सौ प्लस सीटें मिलेंगीं। उन्होंने राहुल गांधी की खाट सभाओं को लेकर कहा कि जिस पार्टी की खाट शुरूआत के पहले ही खड़ी हो गई हो उससे भाजपा की तुलना नही की जानी चाहिए।
पंकज सिंह ने राज्य की कानून व्यवस्था को बद से बदतर बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की जब-जब सरकार प्रदेश में बनी है तब-तब कानून व्यवस्था को कराहना पड़ा है। इस समय समाजवादी पार्टी के अंदर पारिवारिक संघर्ष छिड़ा हुआ है और चिंता की बात यह है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव खुद कह रहे हैं कि यह परिवार का नही सरकार का संघर्ष है। इसका मतलब है कि वे भी मानते हैं कि उनकी पार्टी में छिड़े सत्ता संघर्ष की वजह से प्रदेश में गवर्नेंस लड़खड़ा गई है।
पत्रकार वार्ता के बाद उन्होंने राधिका गार्डन में पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्हें चुनाव में बूथ स्तर तक मजबूत मैनेजमेंट करने के टिप्स दिये। इसमें पत्रकारों को बैठने की अनुमति नही दी गई। उनके साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवभूषण व भाजपा के एक और प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।







Leave a comment