उरई। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में गत् वर्ष नियुक्त किये गये गणित और विज्ञान के शिक्षकों ने आज अपना सालाना जलसा सिटी सेंटर में शिक्षा उन्नयन गोष्ठी के बीच मनाया।
इसमें प्रदेश मोर्चा लीगल टीम के सदस्य केके यादव आजमगढ़, विक्रमादित्य सिंह रायबरेली, मो. शफीक लखनऊ, अनुग्रह त्रिपाठी कानपुर, इंदीवर सिंह बहराइच, धीरज राजपूत हमीरपुर और राहुल पांचाल झांसी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और समारोह की अध्यक्षता आफताब आलम ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेशीय नेता वैभव यादव को श्रद्धाजंलि देकर किया गया। सभा का संचालन आशीष तिवारी और प्रवीण महान ने किया। इस अवसर पर प्रदेश कमेटी के सदस्य अनुग्रह त्रिपाठी ने कहा कि हम लोगों को लंबे संघर्ष के बाद यह नौकरी मिली है जिसकी अहमियत हमको समझनी होगी। 5 अक्टूबर को इसके बाद अगली सुनवाई है जिसका सामना करने के लिए कानूनी तैयारी कर ली गई हैं। जिलाध्यक्ष आफताब आलम ने कहा कि हमें कई चुनौतियों के बीच काम करना पड़ रहा है। जिन विद्यालय में नियुक्ति दी गई है वे जिला मुख्यालय से 70-80 किलोमीटर दूर हैं। सड़के खराब हैं। गांव की दशा भी सोचनीय है। इसके बावजूद कठिनाइयों के बीच हमें अपनी ड्यूटी तपस्या के रूप में निभानी है तांकि बेसिक शिक्षा का स्तर ऊंचा हो सके।
प्रदेश अध्यक्ष केके यादव ने कहा कि उन्होंने इलाहाबाद में छोटी सी टीम के साथ संघर्ष शुरू किया था। उन्हें सुप्रीम कोर्ट तक साथियों की लड़ाई लड़नी पड़ी। जिसकी गवाही हमेशा इतिहास देगा। उन्होंने कहा कि हमारी नियुक्ति से बच्चों की गणित और विज्ञान के मामले में मजबूत नींव तैयार होगी। कार्यक्रम में मौजूद सभी शिक्षकों ने कहा कि अपनी भर्ती बचाने के लिए हम अंत तक मोर्चा के साथ खड़े हैं। समारोह में पिछले दो वर्षों के संघर्ष में इकटठा की गई तस्वीरों से बना होर्डिंग प्रमुख बिंदु रहा।
प्रवीण महान ने जालौन मोर्चा टीम का सफल संचालन के लिए अभिवादन किया। जितेंद्र यादव, आसिफ खान, आदिल खान, आशीष पाल, लोकेश पाल, योगेंद्र यादव, राजकुमार वर्मा, आशीष साहू, आशीष सोनी, मनीष पटेल, नेपाल यादव, बृजमोहन, अमित गौतम, महेंद्र, प्रदीप कुशवाहा, वेद निरंजन आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।






Leave a comment