उरई। पीस कमेटी की बैठक में विद्युत आपूर्ति के रोस्टर बदलने के सुझाव पर गंभीरता से गौर करते हुए जिलाधिकारी संदीप कौर ने राज्य के प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय अग्रवाल को डीओ भेजा है।
इसमें उन्होंने कहा है कि अभी जिले में शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक और रात 10 बजे से 2 बजे तक विद्युत आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि नवरात्र में आपूर्ति का यह शेड्यूल महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से ठीक नही है जो सुबह 4 बजे देवी दर्शन के लिए घर से निकलती हैं। इसके अलावा इस शेड्यूल पर मुहर्रम में मुस्लिम समुदाय के लोगों को भी एतराज है।
उन्होंने जन भावनाओं को ध्यान रखते हुए उनसे नये शेड्यूल को निर्धारित करते हुए सुबह 11 से 3 तक और शाम को 5 बजे से अगले दिन सुबह 9 बजे तक आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।





Leave a comment