(अजय श्रीवास्तव की एक्सक्लूसिव खबर)
cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। ऐर वन पटटी में रात में हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए पहुंची टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। इसमें वन दरोगा सहित चार वनकर्मी घायल हो गये। जिनका बुधवार को डकोर पुलिस ने सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया।
वन दरोगा मनीष को ऐर की जंगलात के लिए आरक्षित बेतवा किनारे की जमीन पर मजदूरों से अवैध मौरंग खनन कराकर ट्रैक्टर भरवाये जाने की शिकायत मिली थी। उन्होंने रेंजर टीएन सेन को फोन किया तो व्यस्तता बताकर उन्होंने आने में असमर्थता प्रकट की। इसके बाद वन दरोेगा मनीष खुद ही टीम के साथ मौके पर पहुंच गये। उन्होंने दबंगों को खनन से रोका तो उन लोगों ने तमंचा निकालकर उनके सीने में अड़ा दिया और वन कर्मियों को लाठी-डंडों से मारते हुए खदेड़ डाला। मारपीट में वन दरोगा मनीष के अलावा वाॅचर पुष्पेंद्र सिंह, मलखान सिंह और मोहन सिंह घायल हो गये।
इस मामले में शक की सुई रेंजर टीएन सेन की ओर भी दौड़ रही है। घटना के बाद वन दरोगा ने उन्हें फोन पर सूचना देकर तत्काल आने के लिए बुलाया तो उन्होंने पहले तो कुछ देर बाद पहुंचने की बात कही लेकिन जब वे काफी देर तक नही पहुंचे तो वन दरोगा ने फिर काॅल की। लेकिन उन्होंने रिसीव नही किया और मोबाइल स्विच आॅफ कर लिया।
बाद में उन्होंने रात में ही डकोर थाने में राजा, जीतू राजपूत और तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। सुबह पुलिस ने वन दरोगा और उनकी टीम का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a comment