(रविंद्र पुल्ली)
उरई। राजेंद्र नगर मोहल्ले में स्थित शिवानी गार्डन के मालिक से जनवरी 2012 में हुए झगड़े में हुई हत्या को लेकर सीबीसीआईडी के बनारस सेक्टर की टीम ने इस मुकदमें के वादी और ऐर गांव के प्रधान हृदेश राजपूत को बीती रात गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि 6 जनवरी 2012 को हुई इस घटना में कल्लू उर्फ राजवीर व हृदेश राजपूत को गोली लगी थी जिसमें कल्लू की मौत हो गई थी। बाद में हृदेश राजपूत ने शिवानी गार्डन के मालिक राजबहादुर तिवारी व उनके पुत्र दीपेश तिवारी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया था। इस बीच इं. राजबहादुर तिवारी की मौत हो चुकी है।
मामले की जांच शासन के निर्देश पर सीबीसीआईडी ने की। सीबीसीआईडी ने जांच में पाया कि गोली हृदेश राजपूत और उसके साथियों ने ही चलाई थी। अपने ही साथियों की फायरिंग में हृदेश घायल हो गया था जबकि उसके साथी कल्लू की मौत हो गई थी। लिहाजा राजबहादुर तिवारी व उनके पुत्र दीपेश तिवारी को क्लीन चिट देकर सीबीसीआईडी ने हृदेश राजपूत के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल कर दिया। रात में कोतवाली पुलिस के सहयोग से सीबीसीआईडी के बनारस सेक्टर के विवेचनाधिकारी ने करमेर रोड स्थित हृदेश के घर से उसे गिरफ्तार कर लिया। हृदेश के बहनोई बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। जिसकी वजह से यह मामला हाईप्रोफाइल माना जा रहा था।







Leave a comment