0 देवी मंदिरों में भी साधना कर रहे हैं साधक
0 जलाभिषेक के लिये मंदिरों में महिलाओं की हो रही भीड़
कोंच-उरई। शरदीय नवरात्रि पर आदि शक्ति मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की यहां नगर में कमोवेश तीन दर्जन से भी अधिक दुर्गा पंडालों में प्रतिष्ठापना कराई गई है। सुबह शाम मैया की आरती में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रह कर मैया का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। विभिन्न देवी मंदिरों में भी अलस्सुबह से देर तक जलाभिषेक के लिये भीड़ उमड़ रही है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों से पूरे नगर में मैया के जयकारों की गूंज सुनाई पड़ रही है। साधक भी अनुष्ठान करने में लगे हैं।
शक्ति उपासना का प्रमुख पर्व शरदीय नवरात्र घरों में घट स्थापन और जागरण पंडालों में दुर्गा प्रतिमाओं के प्रतिष्ठापन के साथ आश्विन शुक्ल प्रतिपदा से प्रारम्भ हो गया है। नगर के प्रमुख मंदिरों मां सिंह वाहिनी, बड़ी माता, नारायणपुरी, धनुताल स्थित मां काली, बोदरी माता, शीतला माता आदि मंदिरों में अलस्सुबह से ही जलाभिषेक के लिये श्रद्घालुओं का तांता लग जाता है जो दिन चढे तक जारी रहता है। मंदिरों को बड़ी ही सुघड़ता से अलंकृत किया गया है और मंदिर प्रबंधन व पूजा प्रबंधन मैया के नयनाभिराम श्रंृगार कर दर्शनार्थियों को आनंद प्रदान कर रहे हैं। नगर व क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में देवी जागरण मंचों की स्थापना की गई है, अकेले नगर में ही तीन दर्जन से भी अधिक दुर्गा पंडाल सजाये गये हैं जहां मैया के विभिन्न स्वरूपों को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रतिष्ठित किया गया है। नगर के प्रवेश द्वार मारकंडेयश्वर तिराहे पर स्थित मंदिर परिसर में मां गौरी की शांत प्रतिमा भक्तों का कल्याण कर रहीं हैं। आचार्य पं. संतोष त्रिपाठी के सानिध्य में अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। चंदकुआ की मां सिंह वाहिनी कोंच में प्रतिमा प्रतिष्ठापना की सूत्रधार मानी जाती हैं, चार दशक पूर्व नगर में इन्होंने ही प्रतिमा प्रतिष्ठापना परंपरा की शुरुआत की थी। यहां भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। नईबस्ती तिलकनगर में पूर्व सभासद बद्रीप्रसाद कुशवाहा के बगीचे में मां काली रौद्र रूप में आसुरी शक्तियों को भयभीत कर रहीं हैं। अभी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में भारतीय जवानों द्वारा भीतर घुस कर किये गये सर्जीकल स्ट्राइक के बाद जोश में भरे लोगों ने मां काली को तिरंगा परिधान में सराबोर कर मां भारती के रूप में अलंकृत कर देशभक्ति का अनूठा जज्बा पेश किया। उधर, नगर पालिका कार्यालय के पाश्र्व में मां अन्नपूर्णा, नया पटेल नगर में मां सिंहवाहिनी सहित तमाम जागरण पंडालों में मैया की धूम मची है। पटेलनगर में डॉ. बलराम सोनी के पास मां दुर्गा की भव्य झांकी सजाई गई हैं, आरती के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है।
मंदिरों में किये गये हैं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हिंदू मुस्लिम त्योहारों के लगभग साथ साथ पडने के कारण शांति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम प्रशासन द्वारा किये गये हैं। मंदिरों में उमड़ रही भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन के मुखिया एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने स्थानीय कोतवाली द्वारा की गई डिमांड के सापेक्ष कहीं ज्यादा फोर्स मुहैया कराया है जिसे नगर के ऐसे मंदिरों में लगाया गया है जहां श्रृद्घालुओं की बड़ी संख्या पहुंचती है। सीओ एके शुक्ल के निर्देशन में दर्जनों की संख्या में सिपाहियों के साथ साथ महिला कांस्टेबिलों की भी तैनाती की गई है। कोतवाल मनवीर सिंह ने बताया है कि उनके पास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के अलावा पीएसी बल भी मौजूद है और सभी त्योहार शांति पूर्ण ढंग से निपटाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आने बाले दशहरा मेला और देवी विसर्जन के लिये भी फोर्स की कमी नहीं होने दी जायेगी।







Leave a comment