उरई। शासन के निर्देश पर जिले के वरिष्ठ अधिकारी ग्राम पंचायतों में जन चैपाल कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं तांकि लोग अपनी समस्यायें सीधे उन्हें बता सकें और मौके पर ही उनके निराकरण की पहल हो सके। गोहन न्याय पंचायत की गोहन, कासिमपुर, गढ़िया, शहबाजपुर व विजदुआ ग्राम पंचायतों में जिलाधिकारी संदीप कौर और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी जन चैपाल लगाने के लिए पहुंचे।
इस दरबार में सबसे पहले विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन द्वारा लोगों की भलाई के लिए बनाई गई योजनाओं का बखान ग्रामीणों क सामने किया। इसके बाद बिजली, पानी, सफाई, पेंशन, सिचाई, जलनिकासी और पटटे की जमीनों पर कब्जे आदि बिंदुओं पर लोगों की समस्यायें सुनी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि खराब हैंडपंपों की सूची प्रधान उन्हें सौंप दें। उनका सर्वे कराया जायेगा जो हैण्डपंप मरम्मत योग्य होगे उनकी मरम्मत प्रधान स्वयं ग्राम निधि से करा सकेंगे। रीबोर जल निगम द्वारा कराया जायेगा। पटटे की जमीन पर कब्जे को लेकर उन्होंने तहसीलदार को मौके पर जाकर कब्जा हटवाने और कब्जा धारक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिये।
गोहन में राजकीय बालिका इंटर काॅलेज में पूरी शिक्षिकाओं की तैनाती न होने से इसकी उपयोगिता खत्म हो जाने की ओर जिलाधिकारी का ध्यानाकर्षित कराया गया। विजदुवा में खराब रोड को ठीक कराने और टूटी नहर पुलिया की मरम्मत के लिए ग्रामीणों ने गुहार लगाई।
जिलाधिकारी संदीप कौर ने इस दौरान अवगत कराया कि 15 अगस्त तक के सर्वे में पात्र गृहस्थी में शामिल किये गये नामों की फीडिंग हो गई है उन्हें इस महीने से राशन मिलना शुरू हो जायेगा। कहा गया कि निःशुल्क खाद्य सामग्री की व्यवस्था केवल सितंबर के महीने तक के लिए थी। इस महीने से कार्ड धारकों को निर्धारित कीमत देकर खाद्य सामग्री लेनी होगी। मनरेगा मजदूरों को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी मजदूरी का बजट नही आया है। एक पखवारे में बजट आने की उम्मीद है इसके बाद ही उनका भुगतान शुरू हो पायेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद, मुख्य विकास अधिकारी आरएस गौतम, उप निदेशक कृषि अनिल पाठक आदि अधिकारी मुख्य रूप से उनके साथ उपस्थित थे।







Leave a comment