0 चंदुर्रा और गोरा गांवों के अलावा कस्बे के तीन बूथ भी देखे कमिश्नर ने
0 एसडीएम तहसीलदार को बीएलओ की ट्रेनिंग ठीक ढंग से करने की हिदायत दी
कोंच-उरई। झांसी मंडल कमिश्नर के राममोहन राव ने आज कोंच इलाके का तूफानी दौरा किया जिसमें कमोवेश पांच बूथों का उन्होंने निरीक्षण किया, इनमें तीन बूथ कस्बे के भी शामिल हैं। बीएलओ के कामों से नाखुश दिखे कमिश्नर ने एसडीएम और तहसीलदार को हिदायत दी कि बीएलओ को प्रशिक्षण दिये जाने में रह गई खामियों को दूर किया जाये और उन्हें ठीक ढंग से ट्रनिंग दी जाये। चंदुर्रा गांव के स्कूल में बन रहे गेट को भी उन्होंने अनुपयोगी और अनौचित्यपूर्ण करार देते हुये हिदायत दी कि उक्त पैसे का सदुपयोग बच्चों की किताबों और फर्नीचर में किया जाये। उन्होंने बीएलओज से कहा कि अगर घर घर जाकर सर्वे न किया तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जायेगी, इसके अलावा उन्होंने पंद्रह दिनों के भीतर काम ठीक ढंग से नहीं करने बालों की रिपोर्ट इलेक्शन कमिश्नर को भेजने के लिये डीएम से कहा।
मंडलायुक्त झांसी के राममोहन राव के शनिवार को कोंच दौरे को लेकर प्रशासन में बैठे अधिकारी खासे हलकान रहे। इधर, चूंकि उनका बूथों के निरीक्षण का कार्यक्रम लगा होने के कारण बीएलओ भी पसीने पसीने हो रहे थे कि पता नहीं कमिश्नर का रुख किसकी तरफ टेढा हो जाये। बहरहाल, अपरान्ह लगभग साढे बारह बजे कमिश्नर ब्लॉक कोंच के ग्राम चंदुर्रा के पोलिंग बूथ पर पहुंचे। पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बनाये गये बूथ में घुसने से पहले उनकी नजर निर्माणाधीन गेट पर पड़ी तो उन्हें गुस्सा आ गया। उन्होंने कहा कि सरकारी धन इस तरह से बर्बाद किया जा रहा है जबकि इस पैसे को बच्चों की किताबों और फर्नीचर पर खर्च कर उनकी मदद की जा सकती थी। बूथ निरीक्षण में उन्होंने पाया कि प्रपत्र-6 कुल 4 ही भरे जा सके हैं, प्रपत्र-7 की संख्या 13 तथा प्रपत्र-8 सिर्फ 2 भरे गये। इतनी कम संख्या में प्रपत्र भरे जाने को लेकर कमिश्नर का पारा चढ गया और उन्होंने बीएलओ जलकूप चालक रामप्रकाश का वेतन रोकने की संस्तुति कर डाली। इसी तरह अन्य निरीक्षणों में भी 5 अन्य बीएलओ भगतसिंह नगर बूथ के हिम्मतसिंह, अमरचंद्र बूथ के नंदराम, कमला नेहरू स्कूल के जितेन्द्रकुमार व समसुद्दीन, गोरा बूथ के जितेन्द्रसिंह के रजिस्टर कायदे से मेंटेन नहीं होने एवं घर घर जाकर सर्वे नहीं करने को लेकर वेतन रोकने की संस्तुति की गई। ग्राम गोरा के बूथ के निरीक्षण के दौरान कमिश्नर को रेंप सही नहीं होने एवं उस पर पेड़ों की डालें आ जाने की शिकायत मिली जिस पर उन्होंने प्रधानाध्यापक मलखानसिंह को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि अपने वेतन से इसकी मरम्मत करायें ताकि बच्चों को आने जाने में कोई दिक्कत न पेश आये। कमिश्नर ने इन महाशय का भी वेतन रोकने की संस्तुति कर दी। इस दौरान डीएम संदीप कौर, एसडीएम मुईनुल इस्लाम, सीओ एके शुक्ल, तहसीलदार भूपाल सिंह, सुरही चैकी इंचार्ज संजीव यादव आदि मौजूद रहे।
साहब, छेड़खानी की रिपोर्ट नहीं लिख रही कोंच पुलिस
बूथों के निरीक्षण के लिये कोंच दौरे पर आये मंडल झांसी के कमिश्नर के राममोहन राव जब अमरचंद्र महेश्वरी इंटर कॉलेज के बूथ का निरीक्षण कर रहे थे तभी दलित विरादरी की एक शादीशुदा महिला हाथों में शिकायत थामे उनके सामने पहुंच गई और अपना दुखड़ा रोते हुये बताया कि गुजरी 4 अक्टूवर की रात तकरीबन साढे दस बजे मोहल्ले के ही रहने बाले बंटी पुत्र तुलई नाई ने उसके घर में घुस कर छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। उसके विरोध करने पर बंटी धमकी देता हुआ भाग गया। बाद में जब महिला का पति दुर्गा दर्शन करके घर आया तो उसने पूरा बाकिया पति को बताया और रात में ही कोतवाली जाकर तहरीर दी थी लेकिन कोतवाली पुलिस ने आज तक रिपोर्ट नहीं लिखी है जिससे कानून के शासन पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। उसने तो यहां तक शिकायत की कि बिना पैसा लिये रिपोर्ट लिखने का तो चलन ही खत्म हो गया है। इस शिकायत पर कमिश्नर का पारा एकदम गर्म हो गया और उन्होंने डीएम को कड़ी हिदायत दी कि तत्काल कोतवाल को हटवाने की कार्यवाही की जाये। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की शिकायतें वह बर्दाश्त नहीं करेंगे और दोबारा से ऐसी शिकायत मिलने पर एसडीएम व सीओ के खिलाफ भी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें जनता की सेवा के लिये नियुक्त किया है, उसका शोषण करने के लिये नहीं।






Leave a comment