उरई। रात में दुकानों के आगे गाड़ी लगाकर माल भर ले जाने वाले गिरोह के चार लोगों को कदौरा पुलिस ने स्वाॅट टीम के साथ संयुक्त आपरेशन में गिरफ्तार कर लिया गया। कई शहरों को निशाना बना चुका यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय होने के बावजूद आज तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया था। इनके कब्जे से चोरी की नौ बैटरी बरामद हुई हैं। पुलिस ने इनकी कार भी जब्त कर ली है।

car-7caar
कालपी कोतवाली में पत्रकारों को जानकारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक सुबोध गौतम ने गिरफ्तार आरोपियों के नाम आशीष शिवहरे निवासी कुसमिलिया हाल मुकाम नया पटेल नगर उरई, मुकेश राजपूत निवासी करमेर, प्रखर दुबे निवासी बमरौली थाना मूसा नगर जिला कानपुर देहात और रविन्द्र निवासी ग्राम कुल्हा बगाह थाना बीघापुर जिला उन्नाव बताए हैं। इनके पास से 3 तमंचे और 8 जिंदा कारतूस बरामद होने का दावा भी पुलिस ने किया।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों ने बताया है कि वे लोग एक शहर से माल चुराने के बाद दूसरे शहर में उसे बेचते थे। साथ ही एक शहर में चोरी करने के बाद लम्बे समय तक उस शहर में नहीं जाते थे। इसी सतर्कता के कारण पुलिस आज तक उन्हें पकड़ नहीं सकी थी। कदौरा कस्बे के मुहल्ला मुमताजाबाद में वे चोरी की अपनी बैटरियां गलाने आए थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। उनके पास से पकड़ी टोयटा कार का मालिक कौन है, इसकी जानकारी वे नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि उनका असली सरगना कुल्हा बगाह का निवासी आशुतोष उर्फ राना है। सीओ ने कहा कि पुलिस उसके बारे में भी छानबीन करेगी।

 

Leave a comment