जालौन। मोहल्ला नया खंडेराव मंे छतों के ऊपर से निकली बिजली की लाईन के तार बराबर हादसों को निमंत्रत दे रहे हैं। मोहल्लेवासियों द्वारा कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को चेताए जाने के बावजूद अभी तक कोई सुनवाई न होने से मोहल्लेवासियों में काफी रोष पनप रहा है। उनका गुस्सा कभी भी विद्युत विभाग पर फूट सकता है।

नगर के मोहल्ला नया खंडेराव में काफी समय से 33 केवीए विद्युत लाईन के तार महेश कुशवाहा, अरविंद्र, गेंदावती, दिनेश कुमार, अरविंद्र कुमार, रामकुमार विश्वकर्मा, विजय वर्मा समेत लगभग एक दर्जन घरों के ऊपर से निकले हैं। विद्युत विभाग की कार्यशैली से पीड़ित उक्त सभी बताते हैं कि उनकी छत से होकर तार निकलने की वजह से उनके बच्चे छत पर खेलने अथवा पढ़ने नहीं जा पाते हैं। गर्मी के चलते जब कभी उनका छत पर लेटने को मन करता है, तो भी बिजली के तारों के डर से छत पर सोने के लिए भी नहीं जा सकते हैं। इतना ही नहीं उन्हें अपने मकान को भी बनवाने की जरूरत है परंतु इन तारों के वजह से वह अपने मकान भी नहीं बनवा पा रहे हैं। इस संबंध में मोहल्ले के लोग कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से लिखित व मौखिक रूप से इन तारों को हटवाए जाने की मांग कर चुके हैं। परंतु अभी तक बिजली विभाग के अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। लगता है बिजली विभाग के अधिकारी किसी बड़े हादसे के इंतजार में बैठे हैं। तभी इनकी कुंभकर्णी नींद खुलेगी। मोहल्ले के लोगों ने कहा है कि यदि शीघ्र ही इन तारों को न हटवाया गया तो मोहल्लेवासी बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।






Leave a comment