जालौन। नवरात्रि के नवें दिन देवी भक्तों ने मंदिरों तथा देवी स्थापना पंडालों में मां सिद्धदात्री की पूजा-अर्चना की तथा घरों में बोए गए जवारों को भी चढ़ाया। नगर तथा ग्रामीण क्षेत्र में देवी मंदिरों में देवी भक्तों की विशाल भीड़ उमड़ी। पहाड़पुरा में माँ कामाख्या देवी मंदिर पर सुबह से शाम तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा वहीं भंडारे का भी आयोजन किया गया।

jalaun5

jalaun6

शारदीय नवरात्रि में नवें दिन मां सिद्धदात्री की पूजा अर्चना की गई देवी भक्तों ने रोरी, चंदन व फूल, मालाऐं चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। नवरात्रि में देवी मां के 9 अलग-अलग रूपों में पूजा की जाती है। जिसमें नगर व क्षेत्र के देवी मंदिरों व देवी पंडालों में आज सिद्धदात्री मां की पूजा अर्चना की गई। पुराणों के अनुसार यह देवी 4 भुजाओं वाली तथा शेर पर सवार हैं।  आज के दिन इनकी पूजा करने से सभी मनोकामनाऐं पूर्ण होती हैं। इसलिए इनका नाम सिद्धदात्री पड़ा। घरों में जवारों की स्थापना करने वाले नगर व क्षेत्र के देवी भक्त मुंह में सांग छेदकर व जवारे लेकर देवी मंदिर पहुंचे। नगर में छोटी माता मंदिर, बड़ी माता मंदिर, लखिया मंदिर व ग्राम पहाड़पुरा में कामाख्या देवी मंदिर पर सुबह से ही देवी भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। कामाख्या मंदिर पर एक विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। सभी देवी भक्त अपने-अपने घटों को लेकर अचरी गाते हुए देवी मंदिरों की ओर खिंचों चले आ रहे थे। कई भक्त नाचते-गाते देवी मैया के जयकारों के साथ मंत्र मुग्ध थे। वहीं कुछ भक्त डीजे पर बज रहे देवी गीतों पर थिरक रहे थे। देवी मां के भक्त मुंह में सांग छेदकर रास्तों पर दौड़ लगाते हुए आ-जा रहे थे। वहीं महिलाऐं भी अपने सिरों पर जवारों के घट रखे हुए भक्ति भाव से देवी मां के गीतों को गाते हुए रास्तों पर जा रहीं थीं। नगर के द्वारिकाधीश मंदिर पर आज आयोजित होने वाले मेले में दोपहर से ही भीड़ उमड़ने लगी थी। उपजिलाधिकारी एसपी यादव, सीओ अरूण कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी शिवसागर दीक्षित, चैकी इंचार्ज मनोज सैनी व उनके हमराही मेले में बराबर गश्त करते नजर आए। 

Leave a comment