जालौन-उरई। नगर क्षेत्र के चारों ओर जिला मुख्यालय तक जाने वाली सभी सड़कें खस्ताहाल स्थिति में हैं। जिसके चलते न सिर्फ नगरवासियों बल्कि क्षेत्रीय ग्रामीणों को भी जिला मुख्यालय तक आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय समाजसेवियों, नगरवासियों के साथ ही क्षेत्रीय ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन से खस्ताहाल सड़कों को दुरूस्त कराए जाने की मांग की।
तहसील क्षेत्र के कुठौंद ब्लाॅक के गांव, कोंच रोड स्थित गांव, बाबई रोड स्थित गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़कें काफी जर्जर व खस्ताहाल हो चुकीं हैं। इतना ही नहीं इनमें हदरूख पुल अन्य पुलिया आदि कोढ़ में खाज बनी हुई हैं। सड़क व पुल की उक्त समस्या को लेकर तहसील क्षेत्र के लगभग एक सैंकड़ा से अधिक गांवों के ग्रामीणों को जिला मुख्यालय तक आने जाने में काफी परेशानियों तो झेलनी ही पड़ती हैं, इसके साथ ही उनका काफी समय भी बर्बाद हो जाता है। इसके अलावा हर समय दुर्घटना की भी संभावना बनी रहती है। सबसे खराब हालत तो जालौन से उरई तक की सड़क की है। इसके अलावा कुठौंद क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर, मदारीपुर, हदरूख, प्रतापपुरा, शेखपुर बुजुर्ग, जगनेवा, हरीपुरा, सहाव, अलाईपुरा, भदवां आदि सहित लगभग चार दर्जन से अधिक गांव व कोंच रोड क्षेत्र के उदोतपुरा, लहचूरा, हथेरी, सिकरीराजा, देवरी, रनुवां, खनुआं, कैंथ, गिधौसा सहित लगभग तीन दर्जन से अधिक गांव के साथ ही बाबई रोड स्थित हरदोईराजा, कुसमरा, उरगांव, दहगवां, ऐदलपुर, गूढ़ा, सिहारी पड़ैया आदि सहित तीन दर्जन से अधिक गांव व लौना रोड स्थित लौना, छानी, धंतौली, धनौरा सहित लगभग एक दर्जन से अधिक गांव तथा उरई रोड स्थित, खर्रा, हरकौती, रूरा मल्लू, मांडरी, पहाड़पुरा आदि सहित लगभग दो दर्जन से अधिक गांवों के रोड की हालत काफी जर्जर हो चुकी है। इतना ही नहीं उक्त सड़कों पर बने बड़े व गहरे गड्ढे आए दिन हादसों को निमंत्रण देते हैं। तो वहीं बंगरा रोड पर रूरा से बंगरा तक का मार्ग भी काफी दयनीय हालत में है कमसेरा से माधौगढ़ रोड की हालत भी कुछ अच्छी नहीं हैं। जिसके चलते उक्त एक सैंकड़ा से अधिक गांव के लोगों को कोई आवश्यक कार्य आ जाने पर जिला मुख्यालय तक पहुंचने में हालत खराब हो जाती है। तो वहीं, कहीं कोई बीमार हो, तो उसका तो भगवान ही मालिक है। उक्त सड़कों के अलावा हदरूख के पास बना पुल दो बार टूटने के बाद तीसरी बार भी बनकर टूट चुका है लेकिन उक्त पुल पर आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इसके अलावा कोंच रोड पर बनी पुलिया महीनों से टूटी पड़ी है। सड़कों की उक्त दयनीय हालत को देखते हुए स्थानीय समाजसेवियों, नगरवासियों व क्षेत्रीय ग्रामीणों में मधुर निरंजन, प्रेमदास गुप्ता, धर्मेंद्र दीवौलिया, सतेंद्र खत्री, प्रतीक चंसौलिया, मनोज गुप्ता, विपुल दीक्षित, लालन ताम्रकार, जहांगीर आलम, गौरव गुर्जर, राजा निरंजन, विशाल अग्रवाल, हैप्पी अग्रवाल, रामबहादुर कुशवाहा चुर्खीबाल, मन्ना सिंह सेंगर लौना, विनोद तिवारी छिरिया, नरेंद्र बुधौलिया कमसेरा, धर्मेंद्र सिंह प्रधान गढ़गवां आदि ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़कों का शीघ्र ही निर्माण कार्य कराया जाए। जिससे लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े। अन्यथा की स्थिति में उन्होंने जनआंदोलन किए जाने की भी बात कही।

Leave a comment