जालौन-उरई। बच्चे देश का भविष्य हैं। शिक्षा प्राप्त कर यही बच्चे अपने मां, बाप, गांव व क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। इसलिए प्रत्येक अभिभावक को चाहिए कि वह अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से स्कूल में भेजें। यह विचार प्राथमिक विद्यालय सींगपुरा में आयोजित स्कूलों में शत प्रतिशत उपस्थिति अभियान के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपजिलाधिकारी ने अभिभावकों एवं अन्य अतिथियों के समक्ष व्यक्त किए।
न्याय पंचायत सहाव के प्राथमिक विद्यालय सींगपुरा में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत ब्लाॅक स्तरीय शत प्रतिशत उपस्थिति अभियान हेतु एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी शीतला प्रसाद यादव एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर कुठौंद खंड शिक्षाधिकारी आंनद भूषण व विनोद गौतम उपस्थित रहे। इस दौरान उपजिलाधिकारी ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अभिभावकों को चाहिए कि वह अपने बच्चों को प्रतिदिन समय से विद्यालय भेजें। आज के समय में शिक्षा की महती आवश्यकता है। यही नौनिहाल शिक्षित होकर आगे अपने मां, बाप का ही नहीं बल्कि गांव व क्षेत्र का भी नाम रोशन करेंगे। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय में भेजने से उनके पढ़ने का तारतम्य बना रहता है। यदि बीच, बीच में बच्चा विद्यालय नहीं जाता है तो उसके पढ़ने का तारतम्य टूट जाता है और उसका पढ़ने में मन नहीं लगता है। इसलिए बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजा जाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन आलोक श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष यशवंत सिंह, सुनील कुमार निरंजन, आशीष निरंजन, अरूणपाल सिंह, योगेश कुलश्रेष्ठ, उ.प्र. प्रा.शि. संघ के ब्लाॅक अध्यक्ष विद्यासागर मिश्र, अरविंद्र श्रीवास्तव, मनीष समाधिया, ब्रजेंद्र दूरबार, बलवान पाल, प्रशांत पुरवार, सुषमा वर्मा आदि उपस्थित रहे।






Leave a comment