उरई। कदौरा थाना क्षेत्र में गृह कलह के बाद रविवार की रात घर के अंदर कमरे में लगी आग में भुनकर युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक के पिता का कहना है कि उसे उसकी पत्नी और बेटी ने झगड़े में चिढ़ जाने की वजह से जलाकर मार डाला। इस सनसनीखेज आरोप पर पुलिस ने फिलहाल कुछ कहने से इंकार कर दिया है।
उदनपुर में धर्मवीर उर्फ बच्चा (24वर्ष) का रविवार की शाम अपनी मां और बहन से विवाद हो गया था। जिसके बाद रात में उस कमरे में आग लग गई जिसमें युवक सोया हुआ था। आग इतनी प्रचंड थी कि कोई कुछ कर पाता इसके पहले ही युवक लपटों में घिर कर पूरी तरह जल गया।
पुलिस का मानना है कि बच्चा ने घरवालों से हुई कहासुनी के बाद क्षुब्ध होकर खुद आत्मदाह किया है। लेकिन पिता का कहना है कि झगड़े के बाद प्रतिशोध की भावना से उसकी पत्नी और बेटी ने उसे जलाकर मार डाला। घटना के समय वह घर पर मौजूद नही था। पुलिस पिता को समझा रही थी कि वह अपनी पत्नी और बेटी को नाराजगी की वजह से नाहक मामले में फंसाने से बाज आये लेकिन पिता अपनी ही रट लगाये हुए था।





Leave a comment