उरई। कोंच कोतवाली क्षेत्र में हैंडपंप पर पानी भरने गये ग्रामीण के ऊपर बिजली का तार टूटकर गिर पड़ा जो उसकी मौत का कारण बन गया। इस घटना के दौरान उसे बचाने के लिए दौड़े उसके बेटे और पत्नी को भी जोरदार करंट लगा जिससे उन्हें उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज झांसी ले जाया गया।
ग्राम इगुंई खुर्द में सईद (55वर्ष) शौंच के लिए हैंडपंप से लोटे में पानी भर रहा था। तभी जर्जर विद्युत लाइन का तार टूटकर उस पर गिरा तो हड़बड़ाकर उसने तार हटाकर दूर फेंकने के लिए उसे पकड़ लिया। जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गया। उसे करंट से तड़पता देख पास में ही मौजदू उसकी पत्नी नफीसा और पुत्र फीरोज बचाने के लिए दौड़े लेकिन सईद को छूते ही वे भी करंट की जद में आ गये। इस बीच ग्रामीणों ने यह अनर्थ देख लिया इसलिए आनन-फानन में लोगों ने दौड़कर उन्हें बचाने के लिए लकड़ी से तार एक ओर फेंका। तब तक तीनों गंभीर रूप से झुलस चुके थे। अस्पताल पहुंचाये जाने पर डाॅक्टर ने सईद को मृत घोषित कर दिया जबकि फीरोज और नफीसा को हालत गंभीर होने की वजह से मेडिकल काॅलेज झांसी के लिए रेफर कर दिया।





Leave a comment