उरई। अधिकारी अपनी कमीशनखोरी के लिए प्रधानों को बदनाम करा रहे हैं। प्रदेश भर के प्रधानों को एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए नौकरशाही के खिलाफ संघर्ष छेड़ना होगा।
यह बात ग्राम स्वराज जागृति अभियान के प्रदेश अध्यक्ष रामसेवक ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट प्रागंण में आयोजित संगठन की रैली में कही। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से पंचायतों के खाते में बजट नही भेजा गया है। अधिकारी कमीशन का सौदा करने में मशगूल है जिससे उन्होंने यह बजट लखनऊ में ही अटका लिया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के हावी होने की वजह से प्रधान पंगु बन गये हैं और ग्राम सरकार की अवधारणा कराह रही है। इसे अब सहन नही किया जायेगा।
सभा की अध्यक्षता संगठन की जिला इकाई के अध्यक्ष और अकबरपुर-इटौरा ग्राम पंचायत के प्रधान अमित द्विवेदी इतिहास ने की। सभा को मंडल अध्यक्ष आमोद उदैनियां, सत्यनारायण प्रधान आटा, सीमा तिवारी प्रधान उसरगांव, रंजीत यादव आदि ने भी संबोधित किया।





Leave a comment