18orai02उरई। 24 अक्टूबर को महोबा में होने जा रही पीएम मोदी की बुंदेलखंड स्तरीय रैली में जालौन जिले से 20 हजार पार्टी कार्यकर्ताओं को ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए एक सैकड़ा बसों और एक हजार अन्य चार पहिया वाहनों की व्यवस्था की जा रही है।
बुंदेलखंड स्तरीय रैली के लिए झांसी की बजाय महोबा का चयन करके पीएम मोदी ने केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती को झटका दिया है। उमा भारती पहले विधानसभा चुनाव जीतने के बाद अपनी चरखारी सीट का रास्ता भूल गईं थीं। यही रवैया उन्होंने झांसी-ललितपुर संसदीय सीट से जीतने के बाद अपनाया। बुंदेलखंड के ज्यादातर सांसद ऐसे रवैये की वजह से भाजपा के लिए बोझ बन गये हैं। जिसका परिणाम भाजपा को विधानसभा चुनाव में उसके मजबूत गढ़ माने जाने वाले इस इलाके में उठाना पड़ सकता है। इसके चलते खिन्न मोदी ने अन्य क्षेत्रों को छोड़कर महोबा को अपनी रैली के लिए अपनाया क्योंकि हमीरपुर-महोबा के सांसद पुष्पेद्र चंदेल अपेक्षाकृत अपने लोगों से संपर्क जोड़े रखकर अपनी संसदीय सीट की बेहतर रखवाली का उदाहरण पेश कर रहे हैं।
भाजपा के जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल ने बताया कि जिले में मोदी की रैली के लिए भीड़ का लक्ष्य पूरा करने की जिम्मेदारी जिला कमेटी, शहर कमेटियों और विधानसभा क्षेत्र कमेटियों पर डाली गई है। उनके पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को पहुंचाने की व्यवस्था का अपने-अपने क्षेत्र में समन्वय करेंगे।
पलीवाल ने बताया कि 6 नवंबर को झांसी में अमित शाह हरी झंडी दिखाकर जिस परिवर्तन यात्रा को रवाना करेंगे उस परिवर्तन यात्रा का पड़ाव 8 नवंबर की रात सबसे पहले जिला मुख्यालय पर उरई में होगा। 9 नवंबर को परिवर्तन यात्रा जनपद की तीनों विधानसभाओं में भ्रमण कर पार्टी और केंद्र सरकार का संदेश लोगों तक पहुंचायेगी।

Leave a comment