जालौन-उरई। एक वर्ष से खराब पड़े हैंडपंप को रीबोर कराने के लिए अधिकारियों के आदेश के बावजूद विभाग द्वारा आज तक रिबोर न किए जाने की शिकायत पीड़ित ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए की।
तहसील क्षेत्र के ग्राम लहार कनार निवासी घनश्याम सिंह, बाबूराम, तेजपाल, मकुंदी, राजेश सिंह, अनिल कुमार, विवेक कुमार आदि ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उनके मोहल्ले में स्थित सरकारी हैंडपंप से तीन दर्जन से अधिक परिवारों का पानी भरा जाता है। उक्त हैंडपंप लगभग एक वर्ष पूर्व खराब हो गया था। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने अधिकारियों से की थी। जांच के बाद अधिकारियों ने उक्त हैंडपंप को रीबोर कराने की संस्तुति भी कर दी थी। परंतु विभागीय कर्मचरियों की लापरवाही की वजह से आज तक उक्त हैंड पंप को रीबोर नहीं किया गया है। जिसके चलते मोहल्लेवासियों को पेयजल के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी जनहित अतिशीघ्र उक्त हैंडपंप का रीबोर कराए जाने की मांग की।







Leave a comment