उरई। सन् 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में कुशवाहा बिरादरी का वोट समेट ले जाने की वजह से सभी राजनैतिक दलों के समीकरण अस्त-व्यस्त करने वाला महान दल नये चुनाव करीब आते ही फिर से हरकत में आ गया है। महान दल ने किसानों के मुददे पर कलेक्ट्रेट में धरना देकर सभा करते हुए शक्ति प्रदर्शन किया। हालांकि खबर है कि महान दल में पिछले जैसा दमखम अब नही बचा है।
धरना सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्यामा चरण कुशवाहा ने की। सभा को मुख्य अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष बृजमोहन कुशवाहा, मीडिया सचिव शैलेंद्र कुमार मौर्य, बुंदेलखंड प्रभारी कृष्ण नारायण कुशवाहा, और फिरोजाबाद प्रभारी प्रेम सिंह कुशवाहा ने मुख्य रूप से संबोधित किया।
वक्ताओं ने भाजपा को झूठों की पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि इस पार्टी को न तो देश से सरोकार है और न गंगा और गाय से। सभा में थाना कोंच के अंडा गांव में हुई मान सिंह कुशवाहा की हत्या के मामले में पुलिस के उदासीनता, जिले में आवारा पशुओं के कारण किसानों में मची त्राहि-त्राहि, कदौरा ब्लाॅक के परौसा ग्राम में खराब ट्यूबवैल खेती का सीजन शुरू हो जाने के बावजूद न सुधरवाया जाना आदि स्थानीय मुददों को भी जोरदार तरीके से उठाया गया।
जिला पंचायत सदस्य मोहन खटीक और मुकेश कठेरिया, बृजभान सिंह बंगरा, अशोक याज्ञिक, रामबहादुर, दिनेश कुमार, जीशान कुरैशी आदि ने भी संबोधित किया।







Leave a comment