उरई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम व्यासपुरा के पास पुलिस ने अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। फैक्ट्री से पुलिस को दो पिस्टल, 315 बोर के पांच तमंचे, 12 बोर की एक बंदूक, 315 बोर की एक अध्धी और एक रिवाल्वर मिली है। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक डाॅ. राकेश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि स्वाॅट टीम और कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की निशानदेही पर व्यासपुरा में संचालित हो रही उक्त फैक्ट्री पर अचानक दबिश दी जिससे आरोपियों को भागने का मौका नही मिल पाया। गिरफ्तार लोगों में एक रतीराम अहिरवार गांव का ही निवासी है जबकि उसका दूसरा साथी डब्लू अहिरवार कोंच का रहने वाला है। असलहे बनाने के अलावा यह लोग बुरहानपुर खंडवा और अन्य स्थानों से खरीदकर लाये गये हथियारों की भी बिक्री करते थे।
रतीराम के बारे बताया गया है कि वह पहले भी नाजायज असलहे बनाने की फैक्ट्री चलाने के मामले में पकड़ा जा चुका है। लेकिन इसके बावजूद वह अपने काम से बाज नही आया। उसके साथी डब्लू अहिरवार के खिलाफ भी गत् वर्ष उरई कोतवाली में शस्त्र अधिनियम का मुकदमा कायम हुआ था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विधानसभा चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए अवैध असलहे बनाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ा गया है। उन्होंने आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियों की संभावना प्रकट की।







Leave a comment