उरई। स्वराज अभियान संगठन के कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट में विभिन्न मुददों को लेकर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
स्वराज अभियान संगठन जिले में पैर पसारने शुरू कर दिये हैं। किसानों के अधिकार के लिए संगठन द्वारा किये गये धरना प्रदर्शन में युवाओं की भीड़ जुटी जिससे संगठन के पदाधिकारी उत्साहित नजर आये। संगठन के जिलाध्यक्ष पंकज सहाय ने आरोप लगाया कि प्रशासन के ढुलमुल रवैये की वजह से गांवों में गरीबों को काम नही मिल पा रहा जिससे पलायन और आत्महत्या को बढ़ावा मिला है।
जिला सचिव नरेंद्र प्रताप सिंह ने फसल बीमा का क्लेम किसानों को चुकता करने के मामले में बैंकों द्वारा की जा रही आनाकानी पर गुस्सा जताया। उन्होंने कहा कि जन सुनवाई के नाम पर मगरूर अधिकारी सिर्फ ढोंग कर रहे हैं। पीड़ित जनता की किसी समस्या के निराकरण के लिए अधिकारियों की ओर से कोई गंभीर प्रयास नही किया जाता।
अन्ना जानवरों की समस्या, विद्युत व्यवधान, राहत चैकों के वितरण में सुविधा शुल्क की वसूली, नहरों में पानी न पहुंचने, सरकारी नलकूपों पर दबंगों के कब्जे और खाद्य वितरण व बीज वितरण में धांधली के मुददे भी उठाये गये। भग्गूलाल बाल्मीकि, मोनू कुशवाहा, यशवीर सिंह, नीरज कुशवाहा, कार्तिक वर्मा, पुष्पेंद्र राज, विनोद दौलतपुरा, मुनेश कुमार, सत्यभान सिंह, नरेश कुमार और बृजलाल वर्मा आदि मौजूद रहे।







Leave a comment