0 भाजपा की माधौगढ विस बूथ अध्यक्षों की भारी भरकम बैठक संपन्न
कोंच-उरई। गुरुवार को यहां नदीगांव रोड स्थित दि अशोका के विशाल सभागार में भाजपा का माधौगढ विधानसभा का बूथ अध्यक्षों का सम्मलेन काफी गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ। खचाखच भरा सभागार यह जताने की पुरजोर कोशिश करता दिखा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ता कितने उत्साहित हैं। सम्मेलन के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेशीय महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने भी बूथ अध्यक्षों को तगड़ी घुट्टी पिलाते हुये कहा कि बूथ हमारी सबसे छोटी लेकिन सबसे मजबूत इकाई है, अगर कोई भी चुनाव जीतना है तो शर्त यह है कि बूथ जीता जाये। इसके अलावा उन्होंने पीएम नरेन्द्र मोदी को देश का अब तक का सबसे मजबूत नेता बताते हुये कहा कि उन्होंने जो भी वायदे किये थे वे सभी पूरे कर दिये हैं।

भाजपा के बूथ अध्यक्षों के इस सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल ने की और संचालन नीरज श्रीवास्तव ने किया। बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने चुनाव जीतने के गुर कार्यकर्ताओं को समझाते हुये कहा कि बूथ सबसे मजबूत इकाई होनी चाहिये क्योंकि बूथ पर पडने बाले वोटों के ही आधार पर सरकारें बनती और बिगड़ती हैं। मेरा बूथ सबसे मजबूत्य की अवधारणा को दिल में बसा कर सभी बूथ कमेटियां अपना काम ईमानदारी से करें और उन्हें पूरा भरोसा है कि पार्टी का एक एक कार्यकर्ता प्राणपण से अपने काम में जुटेगा और बूथों को जीत कर लखनऊ में हम भाजपा की सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे। उन्होंने कहा कि पीओके के भीतर घुस कर सर्जिकल स्ट्राइक करके मोदी ने आतंकवादियों और उन्हें पोषण देने बाले पाकिस्तान को करारा जबाब दिया है और यह जता दिया है कि वक्त पडने पर सेना अपना काम बखूबी कर सकती है। इतना ही नहीं, अतिरेक में प्रदेश महामंत्री ने तो यहां तक कह डाला कि 2019 के बाद इस्लामाबाद में तिरंगा फहराना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. भीमराव अंबेडकर या अन्य महापुरुषों की जयंतियां बूथ लेबल पर मनाई जायें। उन्होंने उर्वरकों की कीमतों में गिरावट का जिक्र करते हुये मोदी सरकार की सराहना की। उन्होंने मोदी का लखनऊ में दशहरा में हिस्सा लेना शायद विरोधियों को अखर गया है तभी तो कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इसे चुनावी मुद्दा बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ से हमेशा प्रधान मंत्री को न्यौता जाता रहा है लेकिन कोई प्रधान मंत्री अब तक नहीं गया किंतु मोदी ने उस न्यौते का मान रखते हुये दशहरा के आयोजन में हिस्सा लेकर कौन सा तूफान खड़ा कर दिया जो विरोधी हाय तौबा मचाते नहीं थक रहे हैं। उन्होंने सपा सरकार पर भी करारे प्रहार किये और गृह कलह को पार्टी के ताबूत में आखिरी कील बताते हुये कहा कि प्रदेश की जनता ने साढे चार साल अराजकता के माहौल में गुजारे हैं लेकिन अब वह इससे छुटकारा चाहती है। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री हरिओम उपाध्याय, जिला प्रभारी चंद्रभान राय, जिला बूथ संयोजक राघवेन्द्रसिंह, मूलचंद्र निरंजन, नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, वीरेन्द्रसिंह चमरसेना, विनोदसिंह गुर्जर, संतोष सोनी, माताप्रसाद जरौलिया, अंशुल दीक्षित, आकाश पांडे, रमेश वर्मा, श्यामविहारी तीते, जगदीश अग्रवाल, विकास पटेल, अनुरुद्घ मिश्रा, धर्मेन्द्र राठौर, रमाकांत सोनी, अमर पिपरैया, इंद्रहजत राठौर, निखिल सोनी, बेटू गर्ग, डीके सोनी, अमित उपाध्याय, अमित सोनी सहित तीन सैकड़ा लोग मौजूद रहे।

केन्द्रीय योजनाओं पर अपना लेबिल लगा रही है सपा
भाजपा प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने सपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुये तीखे कटाक्ष किये। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना केन्द्र सरकार की योजना है लेकिन राशन कार्डों पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपना फोटो छाप कर इस योजना का झूठा श्रेय लेने की कोशिश की है। मेट्रो और नेशनल हाईवे योजनायें भी केन्द्र सरकार की हैं लेकिन प्रदेश की सपा सरकार इन योजनाओं को अपना बता कर जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि 2017 में भाजपा की सरकार बनते ही राशन कार्ड से अखिलेश की फोटो हटा दी जायेगी।






Leave a comment