konch5 konch6कोंच-उरई। निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर चुनाव की तैयारियों में जुटे प्रशासन ने आज फिर बीएलओज की बैठक ली और उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दिये। एसडीएम मुईनुल इस्लाम ने कहा कि तहसील क्षेत्र के सभी मतदेय स्थलों के नक्शे तैयार होने हैं। इस काम की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी और लेखपालों पर निर्धारित की गई है।
तहसील सभागार में बीएलओज की बैठक के दौरान एसडीएम मुईनुल इस्लाम और तहसीलदार भूपाल सिंह ने सभी बीएलओज को तगड़ी घुट्टी पिलाते हुये कहा कि निर्वाचन के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर लेकर सभी कार्य समय के भीतर निपटाने हैं। उन्होंने कहा कि कोंच तहसील क्षेत्र में प्राईमरी, जूनियर हाईस्कूलों के अलावा इंटर कॉलेजों और तहसील भवन में कुल 251 मतदेय स्थल हैं जिनके नक्शे तैयार किये जाने हैं। उन्होंने बताया कि 42 बूथ इंटर कॉलेजों और तहसील भवन में स्थित हैं जिनके नक्शे लेखपाल बनायेंगे और 209 बूथ प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक स्कूलों में बनाये गये हैं जिनके नक्शे खंड शिक्षा अधिकारी के जिम्मे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि इस काम में हीलाहवाली बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जायेगी और जो भी कार्य में शिथिलता बरतेगा उसके खिलाफ सम्यक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।

Leave a comment