cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngकोंच-उरई। ग्राम भेंड़ में दलित युवक के साथ मारपीट और कथित रूप से निर्वस्त्र करके गांव में घुमाने की घटना की एफआईआर एक माह बाद कोतवाली पुलिस द्वारा दर्ज की गई है। हालांकि निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने की घटना को लेकर ग्रामीण कतई इत्तेफाक नहीं जता रहे हैं और पैसे के लेनदेन को लेकर साधारण मारपीट की घटना बता रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भेंड़ में विगत 26 सितंबर को पैसे के लेनदेन को लेकर गांव के सुरेश व प्रमेश जाटव के बीच कहासुनी हो गई थी। बताते हैं कि सुरेश ने प्रमेश के साथ हाथापाई भी कर दी थी। इस घटना के बाद प्रमेश पुत्र रघुनंदन जाटव ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा था कि उसके साथ सुरेश, हम्मीर सिंह पुत्रगण ठाकुरदास व आदर्श पुत्र हम्मीरसिंह द्वारा एक राय होकर मारपीट की गई और निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने लगभग एक माह बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धारा 323, 504, 506 तथा 3(1)घ तथा 3(1)व अनुसूचित जाति जन जाति उत्पीडन निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जोच सीओ एके शुक्ल को मिली है। इसके इतर, गांव में इस घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि सीधा सादा पैसे के लेनदेन का मामला है जिसमें हाथापाई तो हुई थी लेकिन निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने की बात से ग्रामीण इत्तेफाक नहीं जता रहे हैं।

Leave a comment