कोंच-उरई। पिछले दिनों नदीगांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत अभी भी एक पहेली बनी हुई है। आज एएसपी ने भी मौके पर जाकर घटना के बाबत जानकारी ली लेकिन वह भी मृत्यु के कारण को समझ नहीं पाये हैं। उन्होंने बताया है कि चर्चायें तमाम तरह की हैं लेकिन सही स्थिति कोई नहीं बता पा रहा है, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी कुछ स्पष्टड्ढ नहीं हो सका है लिहाजा विसरा जांच के लिये भेजा गया है। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप इस मामले में ससुरालियों पर लगाया है।
गुजरी 9 अक्टूवर सर्किल के नदीगांव कस्बे में शबीना पत्नी यूसुफखां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शबीना के पिता यासीनखां ने अपनी बेटी की दहेज को लेकर ससुरालियों द्वारा हत्या किये जाने का आरोप लगाया था जिसके बाद नदीगांव थाना पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी मौत का कोई स्पष्ट कारण नहीं आने के कारण पुलिस की जांच में एक तरह से ब्रेक सा लग गया है। चूंकि मामला विवाहिता की मौत का है सो आज एएसपी शकील अहमद भी नदीगांव पहुंचे और घटना को लेकर लोगों से पूछताछ की किंतु उनके हाथ भी ऐसा कुछ नहीं लग सका जिससे बात आगे बढ पाती। बकौल एएसपी कोई फांसी की बात कर रहा है तो कोई मौत का कारण जहर बता रहा है। फिलहाल, सारा मामला अभी भी अंधेरे में है। एएसपी ने कहा है कि विसरा प्रजर्व किया गया है, इसके बाद शायद आगे बढने का रास्ता मिल सके।






Leave a comment