उरई। कुठौंद थाने में दुकान बंद कर घर जा रहे सर्राफ को तमंचे की नोक पर आधा दर्जन बाइक सवारों ने लूट लिया। खबर मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। एसओ चंद्रशेखर दुबे फोर्स के साथ तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आसपास काफी देर पूंछतांछ की लेकिन लुटेरों के बारे में कोई सुराग नही मिल पाया है।
शेखपुर अहीर निवासी अनुज सोनी बावली में दुकान किये हुए हैं। सोमवार की शाम लगभग साढ़े पांच बजे जब वे दुकान बंद कर घर वापस जा रहे थे तभी कुरौली गांव के पास दो बाइकों से आये आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे की नोक पर उनका झोला छीन लिया। झोले में लगभग ढाई लाख रुपये के जेवर रखे थे।
बाद में अनुज ने थाने पहुंचकर पुलिस को वारदात की जानकारी दी। एसओ चंद्रशेखर दुबे ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना को काफी गंभीरता से लिया है। बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिये जाने की आशा है।





Leave a comment