जगम्मनपुर-उरई। सड़क निर्माण में हो रही अनियमितताओं की लगातार शिकायतों के बावजूद अधिकारियों द्वारा एक्शन न लेने से नाराज यहां के व्यापार मंडल ने प्रधान और ग्रामीणों के सहयोग से कारोबार बंद करके जाम लगा दिया। आंदोलन का नेतृत्व विजय द्विवेदी ने किया।
जाम लगने और भीड़ के उग्र तेवरों की जानकारी मिलने पर रामपुरा थानाध्यक्ष प्रभुनाथ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन उनके समझाने से प्रदर्शनकारी पसीजने को तैयार नही हुए। इसके बाद उन्होंने एसडीएम और सीओ को जानकारी दी। बाद में एसडीएम सुरेश सोनी और सीओ नवीन कुमार भी मौके पर आ गये।
एसडीएम ने लोगों को आश्वासन दिया कि समस्या का उनकी मांग के अनुरूप समाधान कराया जायेगा। लोक निर्माण के अधिकारियों से वार्ता करके सड़क के दोनों किनारे नालियों के निर्माण और सड़क बनाने में गुणवत्ता सुनिश्चित कराने की कार्रवाई की जायेगी।
एसडीएम और सीओ द्वारा समझाने की काफी देर मशक्कत किये जाने के बाद अखिर में प्रदर्शनकारी आंदोलन समाप्त करने को तैयार हो गये। दोपहर बाद लोगों ने जाम खोल दिया। बाजार भी दोपहर बाद पूरी तरह खुल गया जिससे स्थिति सामान्य हो गई।







Leave a comment