उरई। राठ रोड पर रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे घायल पड़े जिन दो लोगों को जिला अस्पताल लाया गया था उनमें से एक की मौत हो गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मृतक को गुम्मे से कुचलकर मार डाला गया। लेकिन यह घटना कैसे हुई और किसने की इसे लेकर तस्वीर साफ नही हो पा रही है।
राठ रोड पर ओवर ब्रिज के नीचे दो युवकों के गंभीर रूप से घायल होने की हालत में पड़े होने की सूचना के बाद पुलिस उन्हें उठाकर अस्पताल लाई जहां डाॅक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया। इसकी पहचान सुनील (28वर्ष) पुत्र नत्थू निवासी इंदिरा नगर कबीर आश्रम के रूप में हुई है। उसके दूसरे घायल साथी का नाम रानू गुप्ता पता चला है। लेकिन सुबह जब मीडिया जिला अस्पताल पहुंची तो रानू गायब था इसलिए पुलिस के संदेह की सुई उसकी ओर जा घूमी है।
सुनील की मौत सिर पर घातक चोटों से हुई। लगता है कि उसके सिर पर ईंटों से ताबड़तोड़ प्रहार किये गये जो उसकी मौत की वजह बनी। लेकिन सुनील की किससे लड़ाई हुई यह पता नही चल पा रहा। सवाल यह किया जा रहा है कि कहीं सुनील और रानू रात में खाने-पीने के बाद नशे में आपस में ही तो नही झगड़ गये थे। लेकिन पुलिस पुख्ता सबूत के पहले घटना को लेकर कोई भी अनुमान जाहिर करने से बच रही है।





Leave a comment