25orai02 25orai03उरई। सदर विधायक उद्यान विभाग के एक कार्यक्रम में ऐसे बोल बोल गये जिससे उपस्थित लोग चौक पड़े और इसके बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया। सदर विधायक दयाशंकर वर्मा इस कार्यक्रम के दौरान ऐसे जोश में आये कि उनके मुंह से अचानक निकल गया कि उन्हें पार्टी से कोई लेना-देना नही है। समाजवादी पार्टी में शिखर स्तर पर चल रही उठापटक के कारण जनमानस के बीच पार्टी के ग्राफ में अचानक आई भारी गिरावट के दौरान दयाशंकर वर्मा के इस बयान के निहितार्थ ढूढे़ जाने लगे हैं।
अवसर था उद्यान विभाग के परिसर में उद्यान मेला और गोष्ठी के आयोजन का। इसमें भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष साहब सिंह चैहान ने किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी और उसकी सरकार को उदासीनता बनाये रखने का ताना दिया। इसके बाद जब सदर विधायक दयाशंकर वर्मा जब माइक पर आये तो अपने को किसानों का सबसे बड़ा हिमायती जताने की होड़ में वे यह कह बैठे कि उन्हें पार्टी से कोई लेना-देना नही है। सदर विधायक के इस बोल पर लोगों के कान खड़े हो गये और पूरी सभा में तरह-तरह की कानाफूसी शुरू हो गई।
इसके पहले सदर विधायक और मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह ने फीता काटकर दो दिवसीय उद्यान मेला का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उद्यान एस्टेट स्थापित करने वाले पांच लोगों को सम्मानित किया गया। जिनमें ममता द्विवेदी चमारी, युवराज सिंह कुसमरा, कृष्ण कुमार धंतौली, अजय कुमार गढ़र और नरेश चतुर्वेदी भोजापुर शामिल हैं।
गोष्ठी में उपनिदेशक कृषि अनिल कुमार पाठक, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह यादव, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष बृजेश राजपूत, भूमि संरक्षण अधिकारी रामकुमार, कृषि वैज्ञानिक डाॅ. राजीव कुमार और डाॅ. डीएस यादव ने भी संबोधित किया। संचालन जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह ने किया।

Leave a comment