उरई। पूर्व सांसद फूलन देवी की हत्या के मामले में आरोपित शेर सिंह राणा के जमानत पर रिहा हो जाने से निषाद समुदाय में आक्रोश की लहर दौड़ गई है। मंगलवार को निर्बल इंडियन शोषित हमारा दल ने लाल टोपी लगाकर प्रदर्शन करते हुए सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश को शेर सिंह राणा की जमानत निरस्त करने के लिए ज्ञापन भेजा।
पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार निषाद ने कहा कि ट्रायल कोर्ट के सामने शेर सिंह राणा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था जिसके कारण उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी लेकिन अब उच्च न्यायालय ने उसे जमानत पर रिहा करा दिया। निषाद समाज को इस फैसले से बेहद पीड़ा है। उन्होंने कहा कि उसकी जमानत रदद कर उसे तत्काल जेल भेजा जाना चाहिए और आजीवन कारावास की उसकी सजा को बढ़ाकर फांसी की सजा दी जानी चाहिए। साथ ही जमानत देने वाले न्यायाधीश को निलंबित किया जाना चाहिए।
निषाद ने कहा कि ज्ञापन में उनके संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि अगर पागल होने के झूठे बहाने पर शेर सिंह राणा को मिली जमानत रदद नही की गई तो मछुवार समुदाय न्यायालय के पक्षपातपूर्ण फैसले के खिलाफ जनांदोलन छेड़ने को बाध्य होगा।
प्रदर्शन में भारत, शशि, देवदत्त, वंश गोपाल, ज्ञानवती, राजेंद्र, जितेंद्र, बलवान, लालमन, राजरानी आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।






Leave a comment