0 दुस्साहसिक रूप से असलहों बाले घरों को बनाया चोरों ने निशाना
0 तीन घरों और एक दुकान में बोला धावा
कोंच-उरई। कोंच कोतवाली इलाका आजकल चोरियों को लेकर सुर्खियों में है। चोरों का दुस्साहस ही है कि ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देकर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है। बीती रात चोर मंडली ने मोहल्ला जयप्रकाश नगर और प्रताप नगर के तीन घरों तथा एक दुकान में धावा बोल कर लाखों के माल पर झाड़ू फेरी है। दुकान से उन्होंने बिस्किट और नमकीन के पैकिटों पर ही संतोष कर डाला। एक घर में मवेशी बंधे होने के कारण चोर बिना किसी वारदात के ही निकल लिये। चोरों का दुस्साहस इतना कि उन्होंने दो ऐसे घरों को निशाना बनाया जिनमें लाईसेंसी असलहे भी थे। चोरी की लगातार घट रहीं इन घटनाओं से कस्बे में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
गुजरी 21-22 अक्टूवर की रात भी चोरों ने कोतवाली इलाके में जमकर धमाल मचाया था और दो घरों से लाखों का माल तथा एक ट्रैक्टर चोरी किया था। अभी उन चोरियों की स्याही भी नहीं सूखी थी कि बीती रात चोर मंडली ने फिर कई घरों में अपना कमाल दिखाया और लाखों का माल ले उड़े। मोहल्ला जयप्रकाश नगर निवासी नगर के बड़े गल्ला व्यवसायी रामस्वरूप मिश्रा के घर में चोरों ने बाहरी दरबाजे के बीच सब्बल फंसा कर किबाड़ खोले और आंगन में पहुंच कर सीढियों बाले दरबाजे में साड़ी से दोनों हत्थे बांध दिये। वहीं एक कमरे में रामस्वरूप का बेटा अमित मिश्रा अपनी पत्नी के साथ लेटा था, चोरों ने उस कमरे की कुंडी बाहर से चढा दी और जिस कमरे में स्टोरवेल रखी थी उसमें इत्मीनान से घुसे, स्टोरवेल के पल्लों में सब्बल फंसा कर खोल ली और बहुत ही पुरसुकून तरीके से स्टोरवेल खंगाली जिसमें लगभग बीस अंगूठियां, दस कानों के जेबर, दो बड़ी सोने की चेनें, दो छोटी चेनें, पेंडिल, दस जोड़ी चांदी की पायल, बीस जोड़ी बिछिया और तकरीबन पचास हजार की नकदी पर हाथ साफ कर बड़े ही आराम से निकल लिये। सुबह लगभग पांच बजे जब घर की महिलायें जागीं तब उन्हें इस चोरी का पता चल सका। रामस्वरूप के भाई बाबूराम मिश्रा का कहना है कि तकरीबन सात लाख का नुकसान हुआ है।
इसी मोहल्ले में पीछे बाली गली में सपा नेता भारतसिंह यादव के घर के पिछवाड़े बाले गेट में चोरों ने ठीक उसी तरह जिस तरह मिश्रा के घर में घुसे थे, सब्बल फंसा कर अंदर बाली कुंडी तोड़ी और स्टोर बाले कमरे में रखी स्टोरवेल के पल्ले उमगा कर नकदी जेबर सहित लगभग चार लाख के माल पर चपत लगाई। इतना ही नहीं, जिस कमरे में भारत अपने परिवार के साथ सो रहे थे उस कमरे में भी उन चोरों ने घुसने की हिमाकत कर डाली और पहनने के कपड़ों में पड़े एक हजार रुपये निकाल कर ले गये। भारत के घर के पास ही पप्पू यादव के मकान भी कुंडी उन्होंने काटी और अंदर तक गये लेकिन वहां मवेशी बंधे होने के कारण चोरों की दाल नहीं गल सकी और उन्हें उल्टे पांव बापिस होना पड़ा। दिलचस्प यह है कि इन दोनों घरों में लाईसेंसी असलहे तक हैं लेकिन चोरों ने उनकी परवाह न करते हुये दुस्साहसिक ढंग से घटनाओं को अंजाम तक पहुंचाया। कुछ ही दूरी पर कन्फेक्शनरी की एक छोटी सी दुकान को भी चोरों ने निशाने पर लिया और ताले चटका कर नमकीन बिस्किट तक नहीं छोड़े। इन सभी मामलों की तहरीरें कोतवाली पहुंच गई हैं, कोतवाल मनवीर सिंह का कहना है कि एफआईआर दर्ज की जा रही है और चोरियों का पता लगाया जायेगा। उन्होंने इन वारदातों के बाबत पुलिस कप्तान को भी अवगत करा दिया है जिस पर जिले से फील्ड यूनिट को भी कोंच भेजा गया जिसने मौके से फिंगर प्रिंट उठाये हैं।
शायद चोरों का कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है
जिस दुस्साहसिक ढंग से चोरी की इन घटनाओं को अंजाम दिया गया है उससे ऐसा प्रतीत होता है कि चोरों का पूरा गिरोह ही कोंच में सक्रिय है जो लगातार पुलिस को छकाते हुये उसे चुनौतियां देने में लगा है। इस गिरोह में बाहरी बदमाश हो सकते हैं और लोकल के बदमाशों का उन्हें सपोर्ट हो सकता है जो इन घरों की रेकी करते रहे हो सकते हैं। यहां जयप्रकाश नगर निवासी रामस्वरूप मिश्रा और भारतसिंह यादव के घरों को मुख्य रूप से निशाना बना कर बड़ी वारदातों को उस स्थिति में अंजाम दिया गया है जब इन घरों में लाईसेंसी असलहे भी मौजूद हैं, लेकिन चोर मंडली में इन असलहों का कोई खौफ शायद नहीं रहा वरना उनकी हिम्मत ही इन घरों में घुसने की नहीं होती। खासतौर पर भारतसिंह यादव इलाके में अपना अच्छा खासा दबदबा रखते हैं लिहाजा किसी लल्लू पंजू की तो औकात ही उनके घर की ओर देखने की नहीं हो सकती है।
पुलिस तत्परता से चोरियों के खुलासे में जुटी है-सीओ
ताबड़तोड़ ढंग से हो रही इन चोरी की वारदातों को लेकर पुलिस के माथे की सिलवटें गहरी हो गईं हैं और उसने अपना सूचनातंत्र सक्रिय कर दिया है ताकि किसी तरह इन घटनाओं का खुलासा हो सके और जनता का पुलिस में भरोसा बना रहे। सीओ एके शुक्ल का कहना है कि इन वारदातों को लेकर पुलिस गंभीर है और चोरों की सुरागरशी के लिये टीमें गठित कर दी गईं हैं। पुलिस तत्परता के साथ जल्दी ही चोरों के गिरेबां तक पहुंच जायेगी और चोर सलाखों के पीछे होंगे।
मोहल्ले में अंधेरा होने का लाभ भी चोरों को मिला
चोरी की इन दुस्साहसिक वारदातों को लेकर इलाकाई पालिका सभासद और जिला योजना के सदस्य अमित रावत का कहना है कि मोहल्ला घुप अंधेरे में समाया है। अगर खंभों पर स्ट्रीट लाइटें लगी होती तो शायद चोरों की इलाके में घुसने की हिम्मत ही नहीं पड़ती। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार पालिका के संज्ञान में यह बात डाली कि खंभों पर बल्व लगना जरूरी है लेकिन उनकी इस मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में सक्रिय जुये के फड़ भी इस तरह की वारदातों की जड़ हैं। उन्होंने पुलिस से अपेक्षा जताई कि इन चोरियों का शीघ्र ही खलासा कर दहशतजदा लोगों का डर दूर करें।







Leave a comment