0 रजत जयंती समारोह में भीड़ जुटाने की कवायद में सपाई
0 बोले सपा जिलाध्यक्ष, उरई-कोंच रोड निर्माण की आधारशिला 7 नवंबर को
konch1 konch2कोंच-उरई। आगामी 5 नवंबर को सूबे की राजधानी लखनऊ में सत्ताधारी सपा के रजत जयंती समारोह में भीड़ जुटाने की कवायद में लगी है सपा। पार्टी जिलाध्यक्ष समेत जिले के तमाम बड़े नेता और विधायक भी हर विधानसभा में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को लखनऊ पहुंचने की अपील कर रहे हैं। शनिवार को सपा जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह यादव, उरई सदर विधायक दयाशंकर वर्मा, माधौगढ विस से सपा प्रत्याशी लाखनसिंह कुशवाहा आदि कोंच पहुंचे और अधिकाधिक कार्यकर्ताओं से 4 नवंबर को कोंच से निकलने का आह्वान किया ताकि 5 को समय से वे समारोह में शामिल हो सकें। कोंच-उरई रोड 7 नवंबर से निर्माण की प्रक्रिया में आ जाने का भी जिलाध्यक्ष ने पुख्ता भरोसा एक बार फिर दिया।
कोंच की सहकारी क्रय विक्रय समिति के प्रांगण में बैठक कर कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी मुखिया के आह्वान पर आयोजित इस रजत जयंती समारोह में भारी भीड़ जुटा कर अपनी ताकत का अहसास कराना है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुये कहा कि यह रजत जयंती समारोह इस बात का आगाज होगा कि 2017 के विस चुनाव में पार्टी फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज होगी। मीडिया के इस सवाल पर कि पार्टी सत्ता और संगठन में किसके नाम पर वोट मांगने आम जनता के बीच जा रही है, सपा जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह यादव ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव और सरकार के मुखिया अखिलेश के नाम पर सपा वोट मांगेगी और फिर से यूपी में सपा की सरकार बनेगी। कोंच-उरई की बहुचर्चित सड़क निर्माण को लेकर एक बार फिर सपा जिलाध्यक्ष ने 7 नवंबर की तिथि कोड करते हुये कहा कि सपा के रजत जयंती समारोह के निपट जाने के बाद 7 नवंबर को विधायक वर्मा के द्वारा इसका शिलान्यास किया जायेगा। मीडिया के इस सवाल कि यहां के नेता सत्ता के साथ हैं या संगठन के साथ, पर सपा नेताओं ने कहा कि सत्ता और संगठन में बेहतर तालमेल है और सत्ता द्वारा किये गये कामों को सामने रख कर संगठन चुनावी मुहिम को बेहतर ढंग से अंजाम तक पहुंचाने का काम करेगा। विधायक दयाशंकर वर्मा ने तो दो कदम आगे जाकर कहा कि सड़क के लिये 43 करोड़ रुपये मंजूर हुये हैं जिसमें 8 करोड़ 53 लाख रुपये की पहली किश्त आवंटित भी कर दी गई है। इस दौरान सपा विस अध्यक्ष प्रतिपालसिंह गुर्जर, क्रय विक्रय के अध्यक्ष विधायक प्रतिनिधि हरिश्चंद्र तिवारी, सरनामसिंह यादव, मधु श्रीवास्तव, सपा प्रत्याशी लाखनसिंह कुशवाहा, जयशंकर द्विवेदी, संजीव तिवारी, बादामसिंह कुशवाहा, ममतासिंह कुशवाहा, हाजी रहम इलाही कुरैशी, इफ्तेखार अहमद गुड्डू, गजराज कुशवाहा, नारायण सेंगर, आत्माराम पटेल, शिवपाल भदेवरा, जाहरसिंह कुशवाहा, चतुरसिंह यादव, पवन तिवारी, अनिल वर्मा, राकेश यादव, अनुज यादव, छोटू टाइगर, प्रदीप कुशवाहा, ओपी कुशवाहा, संजयसिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a comment