उरई। जालौन ब्लाॅक के खजुरी गांव में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में डीएम संदीप कौर ने शुक्रवार को बच्चों को मिडडे मील के लिए थाली गिलास का वितरण किया। डीएम ने कहा कि बच्चों को नये बर्तन उपलब्ध कराये गये हैं तांकि स्कूल का आकर्षण उनके मन में बढ़ सके। उन्होंने कहा कि बर्तन बच्चे मध्यान्ह भोजन के बाद घर ले जा सकेगें।
धनतेरस पर घरों में नये बर्तन खरीदने का रिवाज है। इसलिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बच्चों को मिडडे मील के लिए नये बर्तन देने की योजना का श्रीगणेश धनतेरस के दिन से किया। मुख्यमंत्री ने लखनऊ के मोहनलाल गंज के स्कूल में समारोह पूर्वक इस योजना का शुभारंभ किया। साथ-साथ जिलों में जिलाधिकारियों ने एक-एक स्कूल चिन्हित करके योजना की औपचारिक शुरुआत की।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि शासन की मंशा सरकारी स्कूलों को कान्वेंट स्कूलों से बेहतर बनाने की हैं। इस चुनौती को सफल करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों को पूरी ईमानदारी और लगन से कार्य करना होगा। सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर अच्छा होने से विभाग और शिक्षकों का गौरव भी बढ़ेगा। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य भी मौजूद थे।







Leave a comment