0 खुद लगाया बाजार में राउंड, खदेड़ा अराजक तत्वों को, चोरी बाले घरों में भी गये
0 डायल-100 योजना में जिले को 38 गाडियां, 13 बाईकें मिलेंगीं
konch3कोंच-उरई। बीती रात धनतेरस के मद्देनजर जिले के अपर एसपी सुभाषचंद्र शाक्य जिले का भ्रमण करते हुये कोंच पहुंचे और कोतवाली में मातहतों की कक्षा लगा कर सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश दिये। इसी के साथ वे स्थानीय पुलिस के साथ बाजार के राउंड पर जब निकले तो बाजार में कतिपय संदिग्ध अराजक तत्वों की चहलकदमी नजर आई। पुलिस को देख उन अराजक तत्वों की बाईकें तेजी से भागीं, थानेदारों ने उन्हें पकडने के लिये खदेडना शुरू किया लेकिन वे भाग निकलने में कामयाब रहे। एएसपी ने कहा कि तीन और चार लोग जिन बाईकों पर नजर आयें उन पर कड़ी कार्यवाही करें। पिछले दिनों जिन घरों में बड़ी चोरी की वारदातें हुई, एएसपी उन घरों में भी गये और लोगों से घटनाओं के बाबत जानकारी ली।
बीती रात कोंच दौरे पर आये एएसपी ने कोतवाली में अधीनस्थों से कहा कि त्योहार के मद्देनजर खास सतर्कता बरतने की जरूरत है ताकि किसी भी अवांछनीय घटना से दो चार न होना पड़े। उन्होंने कहा कि बाजारों में नियमित रूप से गश्त करें और किसी भी तरह के संदिग्ध दिखें तो उनकी खबर लें। बाद में मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि त्योहारों पर चूंकि बदमाश लूटपाट, टप्पेबाजी, चेन स्नेचिंग, जेबतराशी जैसी घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं इसलिये ऐसे मौकों पर पुलिस के लिए खासी ऐहतियात बरतने की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि जुआ और सट्टा के बढते जोर पर भी कारगर ढंग से अंकुश लगाने और जुआरियों पर गैंगस्टर आयद करने के उन्होंने निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने माना कि जुआ सट्टा जैसे अपराध सामाजिक अपराधों की श्रेणी में आते हैं और कभी कभी तो ये छोटे अपराध बड़े अपराधों के भी कारण बनते हैं लिहाजा इन पर लगाम कसने की सख्त जरूरत है। पिछले दिनों कस्बे में हुई ताबड़तोड़ चोरियों की घटनाओं को उन्होंने काफी गंभीर मानते हुये कहा कि इस बाबत कोतवाली पुलिस को कड़े निर्देश दे दिये गये हैं कि इन चोरियों को शीघ्र ही ट्रेस करके चोरों को गिरफ्तार किया जाये। अंडा गांव में पिछले दिनों वृद्ध की हत्या के मामले की गहराई से जांच कर इस मामले में लिप्त अन्य लोगों की भी शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश कोतवाली पुलिस को देने की बात उन्होंने कही, यह भी कहा कि वह स्वयं भी जल्दी ही गांव जाकर मामले की तह में जाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि डायल-100 योजना में जिले को 38 गाडियां और 13 बाईकें मिलने जा रहीं हैं, इनसे क्राइम कंट्रोल में खासी मदद मिलेगी। बाद में एएसपी धनतेरस के मद्देनजर बाजारों के राउंड पर भी निकले तो बाईकों पर चार चार सवार उन्हें दिखे। पुलिस देख कर ये बाईक सवार भागे तो काफी दूर तक थानेदारों ने उनका पीछा किया लेकिन वे हाथ से निकल गये। एएसपी ने पुलिस को हिदायत भी दी कि तीन और चार सवारियां लाद कर चलने बाली बाईकों की खबर लें। अपर एसपी शाक्य उन घरों में भी गये जहां पिछले दिनों चोरी की बड़ी वारदातों को दुस्साहसिक ढंग से अंजाम दिया गया था। उन्होंने गृह स्वामियों से बात कर उन्हें शीघ्र ही चारियों का पर्दाफाश कर दिये जाने का भरोसा दिया। इस दौरान सीओ एके शुक्ल, प्रभारी कोतवाल एसएसआई एके सिंह, दरोगा रवीन्द्र त्रिपाठी, जयवीर सिंह, उदयपाल सिंह, राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी, विक्रम सिंह, विनोदकुमार त्रिपाठी, संजीव यादव आदि मौजूद रहे।

Leave a comment