उरई। रामपुरा थाना क्षेत्र के धरमपुरा के हार में बुधवार को उरई से दो स्कार्पियो गाड़ी में असलहों के साथ एक दर्जन लोगों द्वारा धावा बोल देने से अफरा-तफरी मच गई। युद्ध जैसे माहौल के बीच मारपीट की शुरूआत हुई ही थी कि खबर पुलिस तक पहुंच गई और पुलिस ने ढील न बरतते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर ली। पुलिस की तत्पर कार्रवाई से बड़ा कांड होते-होते टल गया है। खबर लिखे जाने तक मौके से पकड़कर लाये गये लोगों से थाने में पूंछतांछ जारी थी।
रामपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मजीठ गांव के सुशील अवस्थी ने धरमपुरा में 12 एकड़ खेती नगदी पर ली थी। जिसमें उन्होंने कुम्हैड़ा तैयार कराया था। बुधवार को वे उक्त खेतों में कुम्हैड़ा तुड़वा रहे थे तभी दो स्कार्पियों में भरे डेढ़ दर्जन के लगभग असलहाधारी मौके पर पहुंच गये और उन्होंने सुशील अवस्थी व उनके मजदूरों को बलपूर्वक भगाने की कोशिश की। अचानक इतने लोगों के असलहों के साथ आक्रामक मुद्रा में उतर आने से पूरे गांव में दहशत छा गई। सुशील अवस्थी ने प्रतिरोध किया तो उनके साथ झूमाझटकी कर दी गई। खबर सुशील अवस्थी के गांव पहुंच गई तो उनके परिवार वाले भी गांव के लोगों को साथ लेकर दौड़ पड़े। बड़ी संख्या में दोनो पक्ष के लोगों के टकराव के लिए आमने-सामने आ जाने से किसी भीषण कांड के घटित होने में कोई कसर नही रह गई थी।
लेकिन मोबाइल से यह सूचना समय पर रामपुरा थानाध्यक्ष प्रभुनाथ को मिल गई और वे बिना समय गंवाये उपलब्ध पूरे फोर्स के साथ मौके की ओर कूंच कर गये। उन्होंने टकराव के संगीन रूप लेने के पहले ही खेतों के आसपास मोर्चा संभालकर घेराबंदी कर ली। पुलिस को देख उरई से आये लोगों में भगदड़ मच गई। फिर भी पुलिस ने एक दर्जन लोगों को कब्जे में कर लिया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने आ पहुंची है। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों से पूंछतांछ के बाद लिखापढ़ी करके हिरासत में लिए गये लोगों को विधिवत् गिरफ्तार किया जा रहा है।







Leave a comment