कोंच-उरई। रखरखाव के मामले में शून्य की स्थिति में सीवर चेंबर पाइपों के भीतर बहने बाली गंदगी उगल कर सड़कों पर फेंक रहे हैं जिससे नागरिकों को बहुत ही नारकीय स्थिति से गुजरना पड़ रहा है। मोहल्ला जवाहर नगर नया बाजार कोंच में लगभग एक सप्ताह से लगातार सीवर बह रहा है। रामगंज से मुख्य बाजार बाली गली में चच्चू नीखरा घड़ी वालों की दुकान के पास लगातार सीवर ओवरफ्लो हो रहा है और उस जगह पर सीवर का गंदा पानी भरा रहता है जिसके चलते बाजार में खरीदारी करने आने वालों और दुकानदारों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यहां राम-जानकी का प्रसिद्ध मंदिर भी है जहां सुबह शाम दर्शनार्थियों का तांता लगा रहता है लेकिन सीवर की गंदगी के कारण उन्हें काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। इधर, रामगंज से उक्त गली में जाने बाले मुहाने पर भी सीवर चेंबर ने स्थिति को काफी नारकीय बना कर रख दिया है, वहां से गुजरने बाले लोगों को उक्त गंदगी से बचते बचाते निकल पाना भी मुश्किल हो रहा है। इस विकट समस्या को लेकर संबन्धित विभाग से निस्तारण कराने के संबंध में कई बार स्मरण कराया गया है लेकिन जल संस्थान विभाग के लोग कानों में अंगुली डाले पड़े हैं। जनता से सीधे जुड़ी इस समस्या को हल कराने के लिये पूर्व छात्र संघ मंत्री विवेककुमार तिवारी ने जिले के आला अधिकारियों से मांग की है कि इसे प्राथमिकता के आधार पर लेकर हल कराया जाये अन्यथा की स्थिति में इलाके में संक्रामक बीमारियों को पांव पसारते देर नहीं लगेगी।







Leave a comment