. संघ ने लगाया पुलिस की मिलीभगत का आरोप
कोंच-उरई। कोंच में कथित रूप से व्यापक पैमाने पर गोकशी की आ रही शिकायतों के बीच गोरक्षकों ने इसके खिलाफ बड़े आंदोलन की रूपरेखा बनानी शुरू कर दी है। इन घटनाओं पर पुलिस द्वारा गंभीरता से संज्ञान नहीं लेने को लेकर गोरक्षकों और गोप्रेमियों में खासा उबाल है। इसके इतर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने पुलिस की मांस माफियाओं से मिलीभगत का सीधा आरोप जड़ कर पुलिस कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर दिये हैं।
दरअसल कोंच लंबे समय से मांस के अबैध कारोबार को लेकर कुख्यात रहा है। दो दशक पूर्व पशु वध पर लगी रोक अभी भी जारी है जिसके तकनीकी कारण हो सकते हैं। मसलन आधुनिक और सभी सुविधाओं से लैस स्लॉटर हाउस नहीं होना इसका फिलवक्त बड़ा कारण है, लेकिन यहां अन्ना प्रथा ने गायों की अवैध कटान को बढावा देने का कार्य किया है और मांस माफियाओं को कम लागत में भारी मुनाफा दिखाई देता है जिसके चलते यहां कमोवेश हर रोज दर्जनों गायों की हत्या कसाईबाड़ों में कर दी जाती है। जब हो-हल्ला ज्यादा होता है तो पुलिस थोड़ी सी सक्रियता दिखाने के बाद एकाध मामला पकड़ कर खानापूर्ति कर लेती है। इन स्थितियों को लेकर यहां के गोरक्षकों और गोप्रेमियों में जबर्दस्त उबाल है और ऐलान किया है कि अगर पुलिस ने इन मांस माफियाओं के खिलाफ कारगर कार्यवाही नहीं की तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जायेगा।
गुजरी 2-3 नवंबर की रात बड़े पैमाने पर गोकशी के लिये कुख्यात कोंच कसाईमंडी में पुलिस ने छापा मार कर एक बाड़े में बंद कर रखी गईं दर्जन भर गायों को अवमुक्त कराया था लेकिन किसी के खिलाफ कार्यवाही नहीं किये जाने जनता में पुलिस के प्रति जबर्दस्त आक्रोश है। पुलिस का यह कहना कि मौके पर किसी के नहीं मिलने के कारण किसके खिलाफ कार्यवाही की जाती, लोगों के गले नहीं उतर रहा है। लोगों का मानना है कि जिसके बाड़े में गायें बंद थीं उसके खिलाफ मुकदमा कायम होना चाहिये था लेकिन पुलिस द्वारा कुछ नहीं किये जाने से उसकी भूमिका पर सवाल उठना लाजिमी है। शायद यही कारण हो सकता है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने उक्त मामले को काफी गंभीर मानते हुये पुलिस पर मांस माफियाओं से मिली भगत का सीधा आरोप जड़ा है। संघ के नगर कार्यवाह शैलेष सोनी का कहना है कि पुलिस गोकशी के मामलों को काफी हल्के में ले रही है लेकिन गौ प्रेमी इस तरह की स्थिति कतई नहीं बर्दाश्त करेंगे और फिलहाल आंदोलन की रणनीति पर आगे बढा जा रहा है। इधर, इस मसले को लेकर सीओ एके शुक्ल का कहना है कि गोकशी के मामलों में पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है और जो भी मामले संज्ञान में आते हैं उन पर कार्यवाही की जाती है।






Leave a comment