उरई, गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम सैबजापुर के ग्राम प्रधान के लापता पुत्र को पुलिस ने कानपुर में नौबस्ता के पास से बरामद कर लिया। युवक के मोबाइल से ही पिता को फोन कर 2 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। ग्राम प्रधान द्वारा सूचना दिये जाने के बाद पुलिस युवक की तलाश में जुट गई थी। उसके बरामद होने के बाद पता चला कि पिता से रुपये ऐंठने के लिये उसने खुद ही अपहरण की कहानी गढ़ी थी। पूंछतांछ के बाद पुलिस अब उसे एसडीएम के समक्ष बयान के लिये पेश करने की योजना बना रही है।
विदित हो कि गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम सैबजापुर के ग्राम प्रधान चंद्रशेखर का पुत्र इंदल (22) लापता हो गया था। घर में सनसनी तब फैल गई जब युवक के मोबाइल से ही कॉल कर 2 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। तहरीर मिलने के बाद पुलिस भी सन्न रह गई। हालांकि तहकीकात में जिस तरह के तथ्य मिले उससे शुरू में ही स्पष्ट हो गया था कि युवक ने खुद ही अपहरण का नाटक रचा है, परंतु उसकी बरामदगी अहम थी। सर्विलांस से उसका लोकेशन कानपुर में नौबस्ता के पास से मिला। इसके बाद गोहन थाना व क्राइम ब्रांच की टीम ने वहां पहुंचकर उसे बरामद कर लिया। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद इंदल ने स्वीकार किया कि उसने खुद ही अपहरण की कहानी गढ़ी थी। गोहन थानाध्यक्ष हेमंत कुमार का कहना है कि युवक को रविवार को बयान के लिये एसडीएम के समक्ष पेश किया जाएगा।







Leave a comment