0 शुरुआत नगर पंचायत क्षेत्र नदीगांव से की तहसीलदार ने
konch1कोंच-उरई। केन्द्र सरकार की अति महत्वाकांक्षी खाद्य सुरक्षा योजना के तहत चिन्हित किये गये अंत्योदय परिवारों और पात्र गृहस्थियों के राशन कार्ड बन कर आ गये हैं और उनके वितरण का काम भी शुरू कर दिया गया है। कार्डों के वितरण की शुरुआत नदीगांव नगर पंचायत क्षेत्र से की गई है, तहसीलदार भूपाल सिंह ने वहां कैम्प लगा कर राशन कार्डों का वितरण अपनी देख रेख में कराया।
केन्द्र सरकार द्वारा लागू की गई खाद्य सुरक्षा योजना में गरीबों को सस्ती दर पर अनाज और चावल मुहैया कराया जा रहा है। हालांकि अभी तक स्लिपों पर ही कोटेदार पात्र गृहस्थियों और अंत्योदय कार्ड धारकों को खाद्यान्न उपलब्ध कराते रहे हैं, लेकिन अब नये कार्ड बन कर आ गये हैं जिनके वितरण का कार्य शुरू करा दिया गया है। तहसीलदार भूपाल सिंह ने इनके वितरण के लिये नदीगांव नगर पंचायत क्षेत्र में कैम्प लगा कर पात्रों को राशन कार्डों का वितरण अपनी देखरेख में शुरू कराया है। उन्होंने बताया कि प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद अनुभाग-6 उप्र शासन के शीर्ष प्राथमिकता वाले पत्र सं 2478/29-06-2016-109सा/13 दिनांक 25 अक्टूबर 2016 के क्रम में जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में नगर पंचायत क्षेत्र नदीगांव में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जारी अंत्योदय व पात्र गृहस्थी के नवीन राशन कार्डों के वितरण की शुरुआत कैम्प लगाकर की गई है। यहां 1082 कार्डों का वितरण किया जाना है। इस अवसर पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कोंच रामस्वरुप, मुख्य लिपिक नगर पंचायत शिव कुमार पांडे, लेखपाल नरेन्द्र कांत झा आदि उपस्थित रहे। इधर, एसडीएम मुईनुल इस्लाम ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को निर्देश दिये हैं कि कार्डों के वितरण की व्यवस्था मुकम्मल तौर पर मुनादी करा कर करें, कोंच पालिका क्षेत्र में वार्ड वाइज इनका वितरण कराना सुनिश्चित करें।

Leave a comment