07orai02उरई। आटा थाना क्षेत्र में चमारी नाला के पास मारकर फेंकी गई ब्यूटीशियन की हत्या में उसके देवर और एक अन्य रिश्तेदार को गिरफ्तार किया गया है। यह हत्या चारित्रिक कारणों के चलते की गई। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता में आरोपितों को मीडिया के सामने करके पूरे मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को जानकारी में आई उक्त घटना का खुलासा ब्लाइंड केस होने की वजह से चुनौती पूर्ण था। हालांकि मृतका वंदना के पिता रघुनाथ प्रसाद निवासी मोहल्ला शांति नगर ने बनारस में पदस्थ उसके इंजीनियर पति उदय करन व उसके घर के अन्य लोगों के विरुद्ध शव की शिनाख्त होने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया था। लेकिन हत्या के मोटिव और अन्य कड़ियों को जोड़ने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मृतका वंदना पति के साथ न रहकर उरई में ही रहती थी और एक ब्यूटीपार्लर पर काम करती थी। उसे कई बार पति ने अपने साथ चलने के लिए राजी करने की कोशिश की लेकिन वह तैयार नही हुई। इसी दौरान उसके देवर रामप्रकाश को अपनी भाभी के संबंध किसी गैर मर्द से होने की कानाफूंसी सुनने को मिली जिससे वह बौखला गया। उसने भाभी वंदना को ठिकाने लगाने के लिए अपने ममेरे भाई गिरेंद्र सिंह के साथ मिलकर प्लान रचाया। इसके तहत दोनों किराये की बुलेरो गाड़ी बुक करके 16 अक्टूबर को रात साढ़े नौ बजे उसे उसके कोंच बस स्टेण्ड के पास स्थित ब्यूटीपार्लर से यह कहकर ले गये कि चमारी में एक जानने वाले के यहां फंक्शन है। जिसमें महिलाओं के मेकप के लिए उसे ले चलना है। वंदना उन लोगों के साथ चली गई और पूरी बात नही समझ पाई।
पहले वे लोग काफी देर तक उसे बुलेरो से इधर-उधर घुमाते रहे। इसके बाद रात ढाई बजे चमारी जाने वाले रास्ते पर पहुंचे जहां उन्होंने वंदना को अपने साथ नीचे उतार लिया और किराये की बुलेरो वापस कर दी। इस बीच गिरेंद्र ने वंदना के सिर में जोर से डंडा मारा जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ी। बाद में उसी की साड़ी का फंदा बनाकर उसका गला घोट दिया और शव झाड़ियों के बीच छुपाकर भाग निकले। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरेंद्र कुमार व रामप्रकाश दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये देने का ऐलान किया है।

Leave a comment