07orai01उरई। पिरौना नहर के पास 2 नवंबर को मिले अज्ञात शव की शिनाख्त अंततोगत्वा हो गई थी। बाद में इस मामले की छानबीन करते हुए एट पुलिस ने उसकी हत्या का खुलासा कर दिया। इस मामले में उसके सगे भाई को गिरफ्तार किया गया है। जबकि एक अन्य भाई, मां और उसकी भाभी भी हत्या में संलिप्त रहीं जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपित सत्यप्रकाश उर्फ झम्मन निवासी छानी खास थाना जालौन के मुताबिक तीन भाइयों में उसका एक भाई श्यामजी पांडेय शराब का लती था। भाइयों के बीच शामिल खाते में 30 बीघा जमीन है लेकिन अपनी लत की वजह से कर्जा ले लेने के कारण श्यामजी उसे चुकाने के लिए अपने हिस्से की जमीन बेचने के लिए आमादा था। पूरे घर ने उसे समझाया लेकिन वह इरादा बदलने के लिए तैयार नही हुआ। इसको देखते हुए उसने अपने दूसरे भाई रामजी, मां रानी पांडेय व पत्नी सुनैना के साथ मिलकर उसकी हत्या का प्लान तैयार किया। घटना के दिन सिर में डंडे मारकर उन लोगों ने श्यामजी का काम तमाम कर दिया और इसके बाद शव नहर के किनारे ले जाकर फेंक आये।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा आरोपित की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है। एट थानाध्यक्ष मनोज सिंह सहित हत्या का खुलासा करने वाली टीम के आधा दर्जन सदस्यों को ढाई हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की।

Leave a comment