उरई। डीएम संदीप कौर ने कहा है कि दुर्घटनाओं में लोगों के वेबजह जान गंवाने की घटनाओं को रोकने के लिए कुछ एतिहात जरूरी हैं जिनका कड़ाई से पालन कराया जायेगा। इसमें बिना हेलमेट के किसी को वाहन चलाने की इजाजत न देना शामिल है। इस मामले में कड़ाई से चेकिंग का अभियान फिर चलाया जायेगा।
कोतवाली के बगल में शामियाना लगाकर पुलिस विभाग द्वारा यातायात माह के विधिवत शुभारंभ का आयोजन किया गया था। डीएम इस कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थी। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वे अपने नाबालिक बच्चों को बाइक न दें। अगर उन्हें कन्वेंस देना है तो साइकिल दिला दें या खुद उन्हें स्कूल छोड़ने और भेजने का जिम्मा संभालें। उन्होंने कहा कि नाबालिक को वाहन चलाने की इजाजत नही दी जायेगी। बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते कोई पकड़ा गया तो उसका चालान करा दिया जायेगा।
डीएम ने वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने की आदत को भी खतरनाक बताया। उन्होंने कहा कि कई लोग इसी आदत की वजह से हादसे का शिकार होकर अपनी बलि चढ़ा चुके हैं। यह सिलसिला रोका जाना चाहिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह ने स्कूलों में बच्चों को यातायात के नियम पढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जितने लोग आपराधिक वारदातों में नही मारे जाते उससे ज्यादा मौतें सड़क हादसों में होती हैं जो कि अफसोस का विषय है।
कार्यक्रम को सदर विधायक दयाशंकर वर्मा, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह यादव, अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य, ट्रक आॅपरेटर यूनियन के अध्यक्ष अपना सगीर, टैंपो यूनियन के अध्यक्ष मैराज सिददीकी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुरेंद्र मौखरी आदि ने भी संबोधित किया। ट्रक आॅपरेटर यूनियन और व्यापारी नेताओं ने अतिक्रमण हटाओं अभियान के ठप्प हो जाने और बच्चाराम सिंधी के सामने फ्री मिठाई के चक्कर में पुलिस द्वारा अनदेखी कर जाम को प्रोत्साहन दिये जाने की ओर डीएम, एसपी का ध्यानाकर्षित कराया और सुचारू यातायात के लिए इन समस्याओं का निदान कराने की अपील की।






Leave a comment