08orai02उरई। 19 दिसंबर को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए जिले में 17 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। परीक्षा की तैयारियों को लेकर डीएम संदीप कौर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में ब्यौरा पेश करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र बाबू ने बताया कि गत् वर्ष टीईटी में 12 हजार 860 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए थे। इस बार 12 हजार 665 परीक्षार्थियों का पंजीकरण किया गया है। डीएम ने कहा कि 12 दिसंबर को वे टीईटी परीक्षा के लिए फाइनल बैठक करेंगी। तब तक डीआईओएस सभी की जिम्मेदारियां तय करके पूरे होमवर्क के साथ आयें। उन्होंने कहा कि एआरएम और डीआरएम के प्रतिनिधि को भी बुलवा लें जिससे बाहर से आने वाली परीक्षार्थियों की भीड़ को पर्याप्त सहूलियतें सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने कहा कि शहर में और परीक्षा केंद्रों पर भी फुलप्रूफ व्यवस्था की जाये। छात्रों को परेशानी की नौबत नही आनी चाहिए क्योंकि ऐसा होने पर कानून व्यवस्था के लिए समस्या पैदा हो सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि नकल विहीन और पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा करायें। यथासंभव सेंटर सरकारी और सहायता प्राप्त इंटर काॅलेजों में ही रखें। प्राइवेट इंटर काॅलेजों से परहेज किया जायें। उन्होंने कहा कि हर सेंटर पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाये और सीसीटीवी कैमरे लगाये जायें।
अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य, डीआईओएस राजेंद्र बाबू, बीएसए प्रदीप पांडेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a comment