उरई। केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने यहां परिवर्तन यात्रा के अपने पड़ाव में लोगों को सचेत किया कि एक बार सपा और एक बार बसपा की सरकार बनाने का क्रम चलाने से प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन नही होगा। उन्होंने दोनों पार्टियों को अपराध और भ्रष्टाचार का प्रवर्तक बताया और कहा कि प्रदेश में अच्छे दिन लाने है तो लखनऊ में इस बार भाजपा की सरकार के लिए जनादेश पारित किया जाना जरूरी है।
स्थानीय टाउन हाॅल मैदान में बुधवार को सुबह सभा को संबोधित करते हुए उमा भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के तीन मुख्यमंत्रियों को सरकार चलाने का अवसर मिला जिनके कार्यकाल पर कोई उंगली नही उठाई जा सकती। भाजपा के इस साफ सुथरे रिकार्ड को मतदाताओं को चुनाव में ध्यान में रखना होगा।
इसके पहले पत्रकारों से संक्षिप्त वार्ता में उमा भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के लिए चेहरा तय करने का काम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या के अधिकार क्षेत्र में है। वे इस बारे में कोई राय नही दे सकतीं। उन्होंने पांच सौ और हजार रुपये के नोट अचानक रदद करने के केंद्र सरकार के फैसले को पूरी तरह सही ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर इस फैसले को धीरे-धीरे लागू किया जाता तो हजारों करोड़ रुपये के काले धन को ठिकाने लगाने का मौका भ्रष्ट लोगों को मिल जाता। उन्होंने स्वीकार किया कि अचानक किये गये इस फैसले से लोगों को व्यवहारिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। पर उन्होंने कहा कि दो-तीन दिन में ही सब कुछ व्यवस्थित हो जायेगा। सरकार के इस कदम से बाहर आने वाले हजारों करोड़ रुपये के काले धन का इस्तेमाल लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा देने के लिए होगा।
सभा फ्लाॅप दिखी
परिवर्तन यात्रा की बहुचर्चित सभा यहां कुल मिलाकर फ्लाॅप नजर आई। उमा भारती का संबोधन जनमानस में आकर्षण पैदा नही कर पाया जिसकी गवाही टाउन हाॅल का खाली मैदान दे रहा था। यह इसलिए उल्लेखनीय है कि उरई-जालौन सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का जोर सबसे ज्यादा समझा जा रहा है। लेकिन सभा में फिर भी लोगों के न उमड़ने से समर्थन की भावना होते हुए भी उत्साह न होने की स्थिति उजागर हो रही थी।






Leave a comment