उरई। एट पुलिस ने स्वाॅट टीम के सहयोग से आॅटो लिफ्टर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की 9 मोटर साइकिल बरामद करने का दावा किया है। पकड़े गये आॅटो लिफ्टर कई शहरों में आॅपरेट करते थे। बरामद गाड़ियों के असल मालिकों का पता लगाकर उन्हें पहचान के लिए आने की खबर कराई जा रही है।
पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी राकेश सिंह ने बताया कि स्वाॅट टीम प्रभारी मो. आरिफ को बाइक चोरी करने वाले गिरोह के बारे में सुराग लगा था। इसके बाद वे लगातार गिरोह को ट्रेल कर रहे थे। इस बीच जानकारी मिली कि इस गिरोह ने एट में कृष्णानंद महाविद्यालय के निर्माणाधीन भवन के पीछे चोरी की मोटर साइकिलों का गंज लगा रखा है। इन मोटर साइकिलों को गिरोह फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचने की फिराक में थे। इसके बाद एट एसओ मनोज यादव को साथ लेकर उन्होंने सटीक दविश दी और वहां मौजूद तीन लोगों में से दो को पकड़ लिया।
एसपी ने गिरफ्तार आरोपितो के नाम राहुल उर्फ राघवेंद्र पटेल निवासी ग्राम सिंगार थाना गुरसरांय जनपद झांसी और अरविंद उर्फ भइया जी पटेल निवासी सेंता थाना कैलिया जनपद जालौन बताये हैं। जबकि इनका तीसरा साथी शिवम पटेल निवासी ग्राम भेंपता थाना कैलिया जनपद जालौन फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।
एसपी ने कहा कि स्वाॅट टीम और एट पुलिस को इस शानदार कार्य के लिए उन्होंने पांच हजार रुपये का नगद पुरस्कार स्वीकृत किया है। पत्रकार वार्ता में उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य भी मौजूद रहे।






Leave a comment