10orai02उरई। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने भाजपा की परिवर्तन यात्रा के जिले में तीसरे दिन के पड़ाव में कस्बा कोंच में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बसपा सुप्रीमों मायावती पर हमला करते हुए विवादित बोल बोलने में भी परहेज नही किया। उमा भारती ने कहा कि बेहतर होगा कि मायावती बौद्ध धर्म स्वीकार करके तिब्बत चली जायें।
यूपी में विधानसभा चुनाव के लिए माहौल गर्माने के साथ ही नेताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ सीमाएं तोड़ने वाली बयानबाजी शुरू कर दी है। उमा भारती ने गुरुवार को कोंच कस्बे में सभा को संबोधित करते हुए मायावती पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मायावती ने लोगों की हत्या में प्रयोग किये गये नोटों की माला पहनी थी। उन्होंने जो माला पहनी थी उसमें हजार-हजार रुपये के नोट थे। यह नोट उनकी तिजोरी में सड़ रहे हैं। बड़े नोट रदद करने के प्रधानमंत्री के फैसले के बाद इन नोटों को बाहर निकालने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मायावती की तिजोरी से निकल कर आने वालें नोटों से दलितों के लिए अस्पताल और स्कूल बनवाये जायें।
उमा भारती ने समाजवादी पार्टी और राज्य सरकार पर भी जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपी में कितने सीएम हैं यह किसी को नही मालूम। चाचा-भतीजे के बीच तलवारें खिचीं हैं। इस खींचतान में प्रशासन ध्वस्त हो चुका है। हालत इतनी खराब है चाचा के इलाके का सिपाही एसपी तक को धमकी देता है।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि यूपी की सरकार नकारा और निकम्मी है। समाजवादी पार्टी को जनता की नही बल्कि परिवार की चिंता है। उन्होंने अपने गृह राज्य बिहार की नीतिश सरकार को भी कोसने में कसर नही छोड़ी। कहा कि बिहार की जनता भाजपा को हराकर पछता रही है क्योंकि नीतिश, लालू की जोड़ी की सरकार से लोग बुरी तरह त्रस्त हो चुके हैं।

Leave a comment